इमरान खान की भारत को चेतावनी, कहा - पाक में अंत तक लड़ने का दम

पाकिस्तान (Pakistan) के प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) ने एक बार फिर भारत के साथ युद्ध का राग अलापा है। लेकिन इमरान खान ने यह भी मान लिया है कि अगर भारत के साथ युद्ध होता है तो पाकिस्तान की हार पक्की है। दोनों देशों के बीच परमाणु युद्ध (Nuclear War) की संभावना जताते हुए इमरान ने कहा कि कोई देश पारंपरिक युद्ध में हारने लगता है तो उसके पास दो ही विकल्प होते हैं, या तो वह सरेंडर करे और या फिर अंत तक आजादी की लड़ाई लड़े। पाकिस्तानी अंत तक लड़ाई लड़ते हैं, इसलिए जब परमाणु शक्ति से संपन्न देश लड़ेंगे तो इसके अपने नतीजे होंगे।

इमरान ने खुद को बताया शांतिवादी

कतर के मीडिया ग्रुप अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में इमरान ने खुद को शांतिवादी बताया। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा से युद्ध के खिलाफ रहा हूं। मेरा मानना है कि युद्ध किसी समस्या को नहीं सुलझाता। चाहे वियतनाम की लड़ाई देख लीजिए या इराक की। युद्ध की वजह से कुछ अन्य समस्याएं जरूर खड़ी हो गईं जो कि उन परेशानियों से ज्यादा बड़ी हैं, जिसके लिए युद्ध लड़ा गया। पाक प्रधानमंत्री ने कहा कि पाक कभी भी परमाणु युद्ध शुरू नहीं करेगा।

ऐसा नहीं है कि यह पहली बार है जब इमरान ने भारत के साथ युद्ध की बात कही है। इससे पहले ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ को दिए इंटरव्यू में इमरान खान ने कहा था कि भारत से कोई चर्चा नहीं करूंगा, क्योंकि बातचीत के लिए कुछ बचा ही नहीं है। दुनिया को इस पर ध्यान देना चाहिए कि हम किन हालात का सामना कर रहे हैं। कश्मीर के हालात पर तनाव का हवाला देते हुए इमरान खान ने कहा कि दोनों परमाणु हथियार संपन्न देशों में युद्ध का खतरा बढ़ता जा रहा है।