गुरुग्राम : पुलिस ने फार्महाउस पर मारा छापा, नशे में धुत मिले 43 लड़के-लड़कियां

गुरुग्राम-फरीदाबाद मार्ग पर स्थित एक फार्महाउस पर शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे पुलिस ने छापा मारा। फार्महाउस पर शराब पार्टी चल रही थी जिसमें 9 लड़कियां और 34 लड़के मौजूद थे। वह सभी बुरी तरह से नशे में धुत थे। जिन्हें पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस के अनुसार उसने हिरासत में लिए गए सभी 43 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। वहीं दूसरी तरफ बिना अनुमति के पार्टी करने वाले छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने डीएलएफ फेज-1 थाने में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

डिप्टी पुलिस कमिश्नर चंद्रमोहन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बंधवाड़ी गांव के पास स्थित मन्नत पार्क में शराब पार्टी चल रही है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। यहां पुलिस को शराब के सिवाय कोई नशीली चीज नहीं मिली। बताया जा रहा है कि यहां पार्टी कर रहे लोगों को 1000 रुपये के कूपन पर बुलाया गया था। मामले की जांच चल रही है।