'ग्रैंडपा किचन' वाले दादाजी का हुआ निधन, यू-ट्यूब पर है 60.11 लाख सब्सक्राइबर्स

'ग्रैंडपा किचन' (Grandpa Kitchen) यानी दादाजी की रसोई के नाम से मशहूर नारायण रेड्डी लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनकी उम्र 73 साल की थी। वे तेलंगाना के रहने वाले थे। दुनिया भर के लोग इनको असली नाम से कम उनके यू- ट्यूब चैनल 'ग्रैंडपा किचन' के नाम ज्यादा जानते थे। उनके चैनल पर लगभग 60.11 लाख सब्सक्राइबर्स हैं। नारायण रेड्डी ने 26 अगस्त 2017 को 'ग्रैंडपा किचन' नाम से एक यू-ट्यूब चैनल शुरू किया था। उनके यू-ट्यूब चैनल पर दिखाया जाने वाला हर वीडियो लगभग 12-15 मिनट तक का होता है।
इन वीडियो में वह अक्सर 100 से ज्यादा लोगों का खाना बनाते हुए दिखाई देते थे। उनका मानना था एक बार में कम से कम 100 लोगों की भूख मिटानी चाहिए। वे केयरिंग और शेयरिंग पर विश्वास रखते थे। वे अपने द्वारा बनाया गया खाना गरीब और अनाथ बच्चों को खिला देते थे। वे अपनी इस रसोई में बच्चों के लिए चिकन, पिज्जा, मैंगी, चॉकलेट केक, मटन बिरयानी जैसे कई प्रकार के पकवान बनाते थे। वे अपने इस खाने को गरीब बच्चों में बांट देते थे। यू-ट्यूब ही कमाई का उनका जरिया था। नारायण रेड्डी अपना यू-ट्यूब वीडियो अक्सर खेतों और नहर के किनारे बनाते थे।