LOC पर गणपति, पाकिस्तान से लगी सीमा पर गणेशोत्सव की तैयारी शुरू, मुंबई से मूर्ति रवाना

मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं वही जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के बाद अब पाकिस्तान से लगी सीमा पर भी गणेशोत्सव की तैयारी की जा रही है। इसके लिए मुंबई से गणेश मूर्ति पूरे धूमधाम से ले जाई जा रही है।

अनुच्छेद 370 हटाने के बाद जम्मू कश्मीर में जारी तनाव के बीच भी गणेश भक्त उत्साह के साथ वहां गणपति ले जा रहे हैं। मुंबई से ले जाई जा रही गणेश मूर्ति को पुंछ में सीमा पर स्थापित किया जाएगा जहां सीमा पर तैनात जवान भी 11 दिन पूजा-अर्चना करते हैं। पाकिस्तान की सीमा पर 10 दिनों तक तैनात होने जा रहे भगवान गणेश को ले जाने वाली महिला किरण ईशर एक कश्मीरी पंडित हैं जो कि पुंछ में रहती हैं। वे बिल्कुल बॉर्डर से सटे इलाके में गणपति बप्पा की स्थापना करती हैं। गणेश मूर्ति बंकर नुमा पंडाल में स्थापित की जाती है।

किरण ने बताया कि वे पिछले तीन सालों से वहां गणपति उत्सव आयोजित कर रही हैं। इसके लिए मुंबई के राजा की तर्ज पर उस गणेश को 'बॉर्डर का राजा' नाम दिया गया है। गणेश प्रतिमा को ट्रेन से जम्मू ले जाया जाएगा।