इलाज के लिए लालू पहुंचे मुंबई, साथ में हैं तेजप्रताप और ऐश्वर्या

मंगलवार देर रात राजद प्रमुख लालू यादव अपने बेटे तेज प्रताप यादव, बेटी मीसा भारती और बहू ऐश्वर्या के साथ मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे। लालू अपना इलाज करवाने के लिए मुंबई पहुंचे हैं। यहां एशियन हार्ट अस्पताल में जांच कराएंगे। चिकित्सक से समय मिलने के बाद वे मुंबई से इलाज के लिए बंगलुरु जाएंगे। बंगलुरु के ग्लोबल हॉस्पिटल में उनकी किडनी का इलाज होगा।

स्वास्थ्य कारणों की वजह से झारखंड हाईकोर्ट ने लालू को 6 हफ्तों के लिए जमानत दी है। लालू प्रसाद यादव को किडनी की बीमारी, शुगर की शिकायत के साथ-साथ, दिल की बीमारी भी है।

हाल ही में लालू यादव 3 दिन की पैरोल पर बाहर आए थे। उन्होंने अपने बेटे तेजप्रताप की शादी में शामिल होने के लिए पैरोल ली थी, इसके बाद ही उन्हें स्वास्थ्य कारणों के चलते 6 सप्ताह की अंतरिम जमानत भी मिली थी। बता दें कि इससे पहले इसी साल मार्च और अप्रैल में लालू प्रसाद यादव का इलाज रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस अस्पताल और दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस अस्पताल में हो चुका है।

लालू यादव चारा घोटाले मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद रांची के बिरसा मुंडा जेल में रहे लेकिन खराब सेहत की वजह से उन्हें पहले रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में इलाज के लिए भेजा गया था। तकरीबन 1 महीने के इलाज के बाद एम्स ने उन्हें 30 अप्रैल को डिस्चार्ज कर दिया था।