PM मोदी का अमेरिका में मेगा इवेंट, 50 हजार लोग होंगे शामिल, जानें 'Howdy Modi' के बारे में सबकुछ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के लिए अमेरिका (America) के ह्यूस्टन में 22 सितंबर को एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 'Howdy Modi' मेगा इवेंट में पीएम मोदी 50 हजार लोगों को संबोधित करेंगे और इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) भी शामिल होंगे। ट्रंप के कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि व्हाइट हाउस ने कर दी है। अमेरिका में भारतीय राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप का इस इवेंट में शामिल होना ऐतिहासिक है। यह भारत और अमेरिका की मजबूत दोस्ती के रिश्ते को बयां करता है। वही व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी स्टेफिनी ग्रिशेम ने बयान जारी कर कहा कि मोदी-ट्रंप की साझा रैली से भारत और अमेरिका के रिश्ते और मजबूत होंगे। पहली बार होगा जब हजारों अमेरिकी और भारतीय एक ही जगह पर एक साथ होंगे।

'Howdy Modi' कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 8,000 लोग अभी भी वेटिंग लिस्ट में हैं। ऐसा पहली बार होगा कि यूएस में कोई विदेशी प्रधानमंत्री एकसाथ हजारों इंडो-अमेरिकन नागरिकों को संबोधित करेंगे। टेक्सास इंडिया फोरम (TIF) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के लिए ये इवेंट आयोजित कर रहा है और ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में सुबह 10 बजे इसका आयोजन होना है। बता दे, इस इवेंट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अलावा 50 से ज्यादा अमेरिकी सिनेटर्स, गवर्नर और बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। रिपल्बिकन पार्टी के सबसे बड़े चेहरे के रूप में डोनाल्ड ट्रंप आ रहे हैं, तो वहीं डेमोक्रेट्स की तरफ से हिलेरी क्लिंटन भी आ सकती हैं।
आइए, जानते हैं क्या है 'Howdy Modi' और इसकी क्या अहमियत है?

'Howdy Modi' एक कम्युनिटी इवेंट है। 'Howdy ' शब्द अंग्रेजी के 'हाउ डू यू डू' का शॉर्ट फॉर्म है। साउथ वेस्ट यूएस में यह शब्द काफी चलता है। 'Howdy Modi' पोप के बाद अमेरिका में किसी विदेशी लीडर के लिए आयोजित होने वाला सबसे बड़ा कार्यक्रम साबित हो सकता है। TIF इस इवेंट में भाग लेने वालों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर चुका है। एक हजार से ज्यादा वॉलंटियर्स और 650 वेलकम पार्टनर्स इस कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हैं। जानकार बताते हैं कि अमेरिका में अगले साल राष्ट्रपति चुनाव हैं। भारतीय वोटर्स वहां पर बड़ा अंतर पैदा कर सकते हैं। ऐसे में हर कोई मोदी के साथ आकर भारतीय समुदाय के वोटरों को लुभाना चाहता है।इन मुद्दों पर होगी बात

'Howdy Modi' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत-अमेरिका संबंध, द्विपक्षीय व्यापार, संस्कृति पर बात कर सकते हैं। इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप और मोदी आतंकवाद, टेक्नोलॉजी और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी बात कर सकते है।