'गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ' के जयकारों के साथ गुरुवार को समूचे महाराष्ट्र में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया और इसके साथ ही 10 दिनों तक चलने वाला गणेश उत्सव ‘अनंत चतुदर्शी’ के अवसर पर संपन्न हो गया लेकिन इन सबके बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें बप्पा के भक्त गणेश विसर्जन के दौरान एक ऐंबुलेंस को रास्ता देते दिखाई दे रहे हैं।
वहीं महाराष्ट्र में गणेश उत्सव के अंतिम दिन प्रतिमा विसर्जन के दौरान 17 लोगों की डूबने से मौत हो गई। विसर्जन के दौरान लोगों के डूबने और लापता होने की घटनाओं ने कुछ जगहों पर माहौल को गमगीन कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन के दौरान कोकण में 5, विदर्भ में 6, भंडारा में 1, वर्धा में 1, श्रीरामपुर में 1, कराड में 1 और नांदेड में 1 व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। इसके अलावा विसर्जन के लिए गए करीब 6 अन्य लोग लापता हैं और उनके भी डूबने की आशंका है।