दिल्ली : नशे में धुत स्कूटी सवार महिला-पुरुष ने बीच सड़क पर किया हंगामा, पुलिसकर्मी को दिया धक्का, वीडियो वायरल

दिल्ली के मायापुरी से नशे में धुत एक महिला और पुरुष की दबंगई का वीडियो सामने आया है। वीडियो में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों और रोड पर मौजूद लोगों के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। महिला ने कई बार ट्रैफिक पुलिसकर्मी को बहुत जोर से धक्का भी दिया। सिर्फ यही नहीं इन दोनों ने रास्ते पर मौजूद अन्य लोगों के साथ भी झगड़ा किया। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। इस पूरी घटना को लेकर पुलिसकर्मी ने दोनों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिसकर्मी ने बताया दोनों ने काफी शराब पी रखी थी।

बता दे, इन दोनों की पहचान अनिल पांडेय और माधुरी के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पूरी घटना के बाद इन दोनों आरोपियों को देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

यह है पूरी घटना

दरअसल नशे में धुत स्कूटी सवार अनिल और माधुरी जब मायापुरी से जा रहे थे तो हेलमेट न लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही ने इन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी से बहस करने लगे। इसके बाद जब आसपास के लोगों ने कुछ कहा तो माधुरी और अनिल उनसे भी बदसलूकी करने लगे। यही नहीं माधुरी ने तो आसपास खड़े लोगों को भी धक्का दे दिया। पुलिसवाला बार-बार दोनों से गुजारिश कर रहा था कि गाड़ी साइड में लगाओ लेकिन दोनों यही कह रहे थे कि आखिर हमने क्या किया है।