दिल्ली मेट्रो स्टेशनों में आए दिन मौत की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। अब दिल्ली के मॉडल टाउन मेट्रो स्टेशन पर 26 वर्षीय एक महिला ने चलती ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार की है। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान पहाड़गंज की निवासी सोनाक्षी गर्ग के तौर पर की गई है। दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने कहा, ‘इस घटना की वजह से मेट्रो सेवाएं 15-20 मिनट बाधित रहीं।' पुलिस ने बताया कि महिला को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में ही रखा गया है।
उन्होंने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें कहा गया है कि उसके इस कदम के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।दिल्ली मेट्रो के मुताबिक यह घटना शनिवार की शाम हुई जब हुडा सिटी सेंटर की तरफ जा रही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आ रही थी। पुलिस ने कहा कि मृतका का मनोविकार संबंधी इलाज चल रहा था और इसमें किसी तरह की कोई साजिश नहीं लग रही।