स्‍वतंत्रता दिवस के मौके पर लेह-लद्दाख में तिरंगा फहरा सकते हैं MS Dhoni

टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) साउथ कश्मीर में अपनी यूनिट के साथ आम जवान की तरह रह रहे हैं। वही अब खबर आ रही है कि 15 अगस्त को स्‍वतंत्रता दिवस के मौके पर धोनी लेह-लद्दाख में तिरंगा फहरा सकते हैं। बता दे, भारतीय आर्मी में मानत लेफ्टिनेंट कर्नल का रैंक हासिल करने वाले धोनी ने आर्मी में काम करने के लिए क्रिकेट से दो महीने का आराम लिया है। उन्होंने 30 जुलाई को सेना के साथ ड्यूटी संभाली थी और वो 15 अगस्त तक ही अपनी बटालियन के साथ रहेंगे। धोनी इस समय आर्मी की 106 टीए बटालियन (पैरा) के साथ दक्षिण कश्‍मीर में हैं। डिफेंस सूत्रों के मुताबिक धोनी 10 अगस्‍त को अपनी बटालियन के साथ लेह के लिए रवाना होंगे।

सेना के अधिकारी का कहना है कि धोनी भारतीय सेना के ब्रांड एंबेसडर हैं। वह अपनी यूनिट के सदस्यों को प्रेरित करने में लगे हुए हैं और अकसर सैनिकों के साथ फुटबॉल और वॉलीबॉल खेल रहे हैं। वह कोर के साथ अभ्यास भी कर रहे हैं। वह 15 अगस्त तक घाटी में रहेंगे। हालांकि सेना के अधिकारी ने यह नहीं बताया कि धोनी 15 अगस्त को किस स्थान पर तिरंगा फहराएंगे, लेकिन खबरों के मुताबिक वो स्थान लेह ही होगा।

आईएएनएस के मुताबिक धोनी इस समय जम्‍मू-कश्‍मीर के पुलवामा जिला में ख्रीयू में हैं। धोनी इस समय घाटी में पट्रोलिंग और गार्डिंग जिम्‍मेदारियां निभा रहे हैं। वह शनिवार को लेह के लिए रवाना होंगे। आपको बता दें धोनी को 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक मिली थी। वह क्वालीफाइड पैराट्रूपर भी है और पांच पैराशूट ट्रेनिंग जंप कर चुके हैं। धोनी को भारत का तीसरा उच्चतम नागरिक सम्मान पद्म भूषण मिल चुका है।