CAA Protest : नागरिकता कानून के खिलाफ आज यूपी से लेकर मुंबई तक प्रदर्शन, देश के कई हिस्सों में धारा 144 लागू, दरभंगा में रोकी गई ट्रेन

नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन जारी है। लेफ्ट पार्टियों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। देशभर में विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बीच सरकार ने एक बार फिर भरोसा दिया है कि इस कानून से भारत में किसी की नागरिकता को कई खतरा नहीं है। देश के कई हिस्सों में धारा 144 लगाई गई है। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक के कई हिस्सों में बड़े प्रदर्शन की संभावना है। मुंबई में भी आज क्रांति मैदान में बड़ा विरोध प्रदर्शन होने वाला है।

लेफ्ट पार्टियों ने केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ बंद बुलाया है। गुरुवार सुबह ही बिहार के कुछ इलाकों में लेफ्ट कार्यकर्ताओं ने ट्रेन को रोक दिया। दोपहर 2 बजे उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लेफ्ट का प्रदर्शन होगा। इस दौरान परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक मार्च होगा और गांधी प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन किया जाएगा। स्वराज इंडिया समेत कुल 60 संगठन आज लालकिले से अपने प्रदर्शन की शुरुआत करेंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है।

दिल्ली में आज लेफ्ट का प्रदर्शन है। दोपहर 12 बजे मंडी हाउस में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मंडी हाउस से फिरोज शाह कोटला तक मार्च निकाला जाएगा। वहीं, इससे पहले सुबह 11:45 बजे राजघाट पर हिंदू शरणार्थी इस कानून के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा, भोपाल, बैंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई और जम्मू में भी लेफ्ट का प्रदर्शन है। प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएंगे।