आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के मुखिया चंद्रबाबू नायडू (Chandrababu Naidu) और उनके बेटे नारा लोकेश को राज्य सरकार ने उन्हीं के घर में नजरबंद कर दिया है। उनकी पार्टी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के कई नेता आंध्र प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआरसीपी (YSRCP) सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन कर रहे है। इसे देखते हुए प्रशासन ने राज्य में नरसरावपेटा, सत्तनपल्ले, पालनाडु और गुरजला इलाके में धारा 144 लागू कर दिया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौतम सांवग ने मंगलवार को इलाके में धारा 144 में लागू करने का ऐलान करते हुए कहा था कि किसी भी तरह की बैठक, रैली या विरोध मार्च की इजाजत नहीं होगी।
टीडीपी काडर को किसी तरह के प्रदर्शन से रोकने के खिलाफ नायडू ने राज्य भर में 12 घंटे की भूख हड़ताल का आह्वान किया है। चंद्रबाबू नायडू और उनके बेटे नारा लोकेश को विरोध प्रदर्शन में भाग लेने से रोकने के लिए उन्हीं के आवास पर सावधानीवश हिरासत में रखा गया है।तेदेपा ने सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी द्वारा कथित हिंसा और धमकी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की योजना बनाई थी। चंद्रबाबू नायडू की पार्टी ने आरोप लगाया कि टीडीपी के आठ कार्यकर्ता मारे गए हैं और पिछले सप्ताह सत्ता में 100 दिन पूरे करने वाले रेड्डी की पार्टी से कई खतरे हैं।