महाराष्ट्र : भाजपा-शिवसेना के बीच सीट बंटवारे को लेकर बनी सहमति, BJP 29 सितंबर को जारी कर सकती है पहली लिस्ट

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में 21 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। शिवसेना और भाजपा के बीच 288 महाराष्ट्र विधानसभा सीटों के बटवारे पर फैसला हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना 126 सीटों और भाजपा 144 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। दोनों दलों ने सहयोगियों के लिए 18 सीटें छोड़ी हैं। जल्द ही सीट बंटवारे का आधिकारिक ऐलान संभव है। प्रदेश में नामांकन का काम शुक्रवार से शुरू हो गया है। लेकिन भाजपा-शिवसेना गठबंधन का अभी तक औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। सूत्रों की मानें तो भाजपा नवरात्र के पहले दिन यानी 29 सितंबर को अपनी पहली लिस्ट जारी कर सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपनी विदेश यात्रा से वापस आ रहे हैं। ऐसे में विधानसभा उम्मीदवारों की लिस्ट पर अंतिम मुहर शनिवार या रविवार तक लग जाएगी। इसके बाद औपचारिक ऐलान हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना ने उपमुख्यमंत्री पद के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। 2014 के विधानसभा चुनाव में राज्य के सभी मुख्य दलों, भाजपा, कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना ने 288 सीटों के लिए अलग-अलग चुनाव लड़ा था। पिछली बार भाजपा ने 2014 में 260 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे 122 सीटों पर जीत हासिल हुई। वहीं, कांग्रेस ने 287 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इसमें से उसे 42 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं शिवसेना ने 282 सीटों पर चुनाव लड़ा और 63 सीटें जीतकर दूसरी बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। शिवसेना को 19.35 फीसदी वोट मिले थे।