बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का 82 साल की उम्र में निधन

बिहार (Bihar) के पूर्व सीएम (Former CM) जगन्नाथ मिश्रा (Jagannat Mishra) का सोमवार को निधन हो गया है। वह काफी लंबे समय से बीमार थे। पिछले कई दिनों से जगन्नाथ मिश्रा का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की जानकारी मिलते ही बिहार (Bihar) के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। 82 साल के जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। जगन्नाथ मिश्रा का शुरू से ही राजनीति से लगाव रहा था। वह 90 के दशक के बीच केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भी रहे।

उन्होंने पहली बार यह जिम्मेदारी वर्ष 1975 में संभाली थी। वह दूसरी बार वर्ष 1980 में राज्य के मुख्यमंत्री बने। आखिरी बार वह 1989 से 1990 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। वह 90 के दशक के मध्य में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भी रहे। 30 सितंबर 2013 को रांची के एक विशेष केंद्रीय जांच ब्यूरो ने उन्हें चारा घोटाले में 44 अन्य लोगों के साथ सजा सुनाई थी। उस वक्त उन्हें चार साल की कारावास और 200,000 रुपये का जुर्माना दिया गया। देवघर चारा घोटाला केस में लालू यादव को कोर्ट ने दोषी करार दिया और जगन्नाथ मिश्रा को बरी कर दिया था।

बिहार के पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा ने राजनीति से पहले अपने करियर की शुरुआत लेक्चरर के तौर पर की थी। उन्होंने बिहार यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के तौर पर अपनी सेवाएं दी थीं। इस दौरान उन्होंने 40 के करीब रिसर्च पेपर लिखे। बिहार में डॉ मिश्रा का नाम बड़े नेताओं के साथ लिया जाता था। उन्हें मिथिलांचल के सबसे कद्दावार नेता माना जाता था।