'वंदे भारत एक्सप्रेस' को अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी, कटरा जानेवाले यात्रियों का बचाएगी 4 घंटा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने वैष्णो देवी कटरा के लिए चलने वाली 'वंदे भारत एक्सप्रेस' ट्रेन का आज गुरुवार को हरी झंडी दिखा दी है। अमित शाह ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया इस दौरान उनके साथ रेल मंत्री पीयूष गोयल और कई मंत्रियों के साथ मौजूद थे। इस ट्रेन का नियमित संचालन 5 अक्टूबर से शुरू होगा। इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों का करीब 4 घंटे का समय बचेगा। इसके लिए बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है। ट्रेन को सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर अमित शाह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वंदे भारत अंबाला, लुधियाना, जम्मू-तवी होते हुए शाम 5 बजकर 50 मिनट पर कटरा पहुंचेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस की कटरा से वापसी दोपहर 3 बजे होगी, जो नई दिल्ली देर रात 11 बजे पहुंचेगी। यह दिल्ली से कटरा और कटरा से दिल्ली आने में सिर्फ 8 घंटे का वक्त लेगी। 5 अक्तूबर से ट्रेन का परिचालन सप्ताह में 6 दिन होगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन में 16 डिब्बे हैं, जिसमें 14 चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव क्लास के हैं। हर चेयर कार कोच में 78 कुर्सियां हैं। ट्रेन में 1100 यात्री सवार हो सकते हैं, जिसकी बुकिंग शुरू कर दी गई है और पांच अक्टूबर से यह ट्रेन रोजाना दिल्ली से कटरा और कटरा से नई दिल्ली के लिए दौड़ेगी। वंदे भारत ट्रेन में चेयरकार क्लास किराया अंबाला से कटरा के बीच 1330 रुपये और एग्जिक्युटिव चेयरकार 2315 रुपये निधार्रित किया गया है। वहीं दिल्ली से कटरा के लिए चेयरकार क्लास में 1630 रुपये जबकि एग्जिक्युटिव चेयर कार में 3015 रुपये निधार्रित किया गया है। दूसरी ट्रेन नई दिल्ली से कटरा तक 12 घंटे में सफर तय करती है। इस ट्रेन का 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का ट्रायल सफल हुआ था। अब देखना है कि यह ट्रेन कितनी स्पीड से रोजाना दौड़ पाएगी।

ट्रेन का यह रहेगा शेड्यूल

- नई दिल्ली स्टेशन से सुबह 6:00 बजे रवाना होगी।
- अंबाला स्टेशन पर ट्रेन का आगमन 8:10 बजे, प्रस्थान 8:12 पर होगा।
- लुधियाना स्टेशन पर आगमन 9:19 बजे, प्रस्थान 9:21 बजे
- जम्मू स्टेशन आगमन 12:38 बजे, प्रस्थान 12:40 बजे
- कटरा आगमन 14:00 बजे वापसी
- कटरा से रवानगी दोपहर 15:00 बजे
- जम्मू आगमन 16:13 बजे, प्रस्थान 16:15 बजे
-लुधियाना आगमन 19:32 बजे, प्रस्थान 19:34 बजे
- अंबाला आगमन 20:48 बजे, रवानगी 20:50 बजे
- नई दिल्ली स्टेशन आगमन 23:00 बजे