प्रतापगढ़ : बारात से लौट रही तेज रफ्तार जीप खड़े ट्रक में घुसी, 6 बच्चों समेत 14 की मौत
उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई।
Posts by : Priyanka Maheshwari |
Updated on: Fri, 20 Nov 2020 9:02:53
उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। मामला मानिकपुर थाना के देशराज इनारा का है, जहां बारात से लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक में घुस गई। मरने वालों में छह बच्चे भी शामिल है। पुलिस का अनुमान है कि ड्राइवर की झपकी लग गई थी। जीप इतनी बुरी तरह डैमेज हो गई थी कि उसके दरवाजे कटर से काटकर शव बाहर निकालने पड़े। पुलिस को रेसक्यू करने में तकरीबन दो घंटे का समय लग गया। सभी के शव को कब्जे में लेते हुए पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सभी बाराती शेखपुर गांव में शादी-समारोह में शामिल होकर घर वापस लौट रहे थे।
Pratapgarh: Fourteen persons including six children died after the vehicle they were travelling in collided with a truck on Prayagraj-Lucknow highway under limits of Manikpur police station last night. pic.twitter.com/2WOFMUyO8Z
पुलिस ने बताया कि मृतकों में से 12 कुंडा कोतवाली के चौंसा जिरगापुर गांव के थे। ड्राइवर और एक 9 साल का बच्चा दूसरे गांव के थे। वे नवाबगंज थाना इलाके के शेखपुरा गांव में शादी में गए थे। हादसा मानिकपुर थाना इलाके में प्रयागराज हाईवे पर हुआ। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ भागे। पुलिस को फोन किया और राहत-बचाव के काम में जुट गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को लेकर दुख जताया है। उन्होंने अफसरों को घटनास्थल पर पहुंचने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।
इनकी मौत हुई
पारसनाथ (ड्राइवर) (40), मिथिलेश कुमार (17), बबलू (22), अभिमन्यु (28), रामसमुझ (40), नान भैया (55), दयाराम (40), दिनेश (40), पवन (10), अमन (7), अंश (9), गौरव (10), सचिन (12) और हिमांशु (12) शामिल हैं।