मुंबई (Mumbai) वसई - विरार में फिर एक बार पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। शहर में जारी लॉकडाउन (Lockdown) के बीच परिवार से दूर अकेले रह रहे 42 वर्षीय शख्स की मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्य घर से दूर थे तो स्थानीय पुलिस ने उनका हिन्दू रीतिरिवाजों से अंतिम संस्कार किया। अयोध्या प्रसाद खरे (42) नाम का एक शख्स वसई-विरार के फुलपाड़ा में अकेला रहता था। सोमवार रात को खाना खाने के बाद वह सोया तो फिर नहीं उठा। पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी तो मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़ा।
अयोध्या प्रसाद का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई थी। पुलिस वालों ने अयोध्या प्रसाद के परिजन को फोन कर इसकी जानकारी दी और उनके आग्रह पर ही विरार पुलिस स्टेशन में कार्यरत हेड कांस्टेबल सुभाष शिंदे ने उनका अंतिम संस्कार किया।














