लॉकडाउन को लेकर देश के सभी राज्यों के सीएम के साथ बैठक के बाद बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि पीएम आज रात 8 बजे देश को संबोधित कर सकते हैं। लेकिन सूत्रों से मिली खबर के अनुसार पीएम मोदी आज देश को संबोधित नहीं करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने देश के सभी मुख्यमंत्रियों के साथ विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की थी। बैठक में पीएम ने संकेत दिए थे कि केंद्र देश में लॉकडाउन बढ़ा सकता है।
बता दे, पीएम के साथ बैठक में अमरिंदर सिंह (पंजाब), ममता बनर्जी (पश्चिम बंगाल), उद्धव ठाकरे (महाराष्ट्र), योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश), मनोहर लाल खट्टर (हरियाणा), के चंद्रशेखर राव (तेलंगाना) और नीतीश कुमार (बिहार) समेत दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्रियों से बातचीत के बाद अपने फाइनल रिमार्क में पीएम मोदी ने संकेत दिए कि देश में लॉकडाउन को दो हफ्ते के लिए बढ़ाया जा सकता है।
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों संग मीटिंग में कहा, 'लॉकडाउन की बात करते हुए मैंने कहा था- जान है तो जहान है। जब मैंने राष्ट्र के नाम संदेश दिया था, तो शुरू में बल दिया था कि हर नागरिक की जान बचाने के लिए लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन बहुत आवश्यक है। देश के अधिकतर लोगों ने इस बात को समझा और घरों में रहकर अपना दायित्व भी निभाया। हम सभी ने भी इसी मंत्र पर चलते हुए देशवासियों की जिंदगी बचाने का प्रयास किया। और अब भारत के उज्जवल भविष्य के लिए, समृद्ध और स्वस्थ भारत के लिए, जान भी जहान भी, दोनों पहलुओं पर ध्यान आवश्यक है।'
केजरीवाल ने किया ट्विट
बता दे, बैठक के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तो ट्वीट कर इसकी पुष्टि ही कर दी कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला ले लिया है। पीएम ने इस बैठक में साफ कहा कि जान है तो जहान है। ऐसे में माना जा रहा है कि पीएम लॉकडाउन की दिशा में ही बढ़ेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला सही लिया है। आज दुनिया के कई विकसित देशों से भारत की स्थिति बेहतर है क्योंकि हमने जल्दी लॉकडाउन किया। अगर ये अभी रोक दिया जाता है तो सभी फायदे खत्म हो जाएंगे। हमें जो फायदे हुए हैं उन्हें बरकरार रखने के लिए इसे बढ़ाना जरूरी है।














