देश में 24 घंटे में रिकॉर्ड 77,266 मरीज बढ़े, 6 दिन में तीसरी बार 70 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले; अब तक 33.87 लाख केस, 61,529 मौतें

By: Pinki Fri, 28 Aug 2020 10:22:28

देश में 24 घंटे में रिकॉर्ड 77,266 मरीज बढ़े, 6 दिन में तीसरी बार 70 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले; अब तक 33.87 लाख केस,  61,529 मौतें

देश में कोरोना अब रोज नए रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले 24 घंटे में अब तक के सबसे ज्यादा 77,266 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। एक दिन पहले ही 75995 केस आए थे। बीते छह दिन में यह तीसरा मौका है जब एक दिन में 70 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े। 22 अगस्त को 70067 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 1,057 मरीजों की इस महामारी के कारण मौत हुई है। देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 33,87,501 पहुंच गई है। इसमें 7,42,023 मामले एक्टिव हैं और 25,83,948 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, कोरोना के कारण 61,529 लोग जान गंवा चुके हैं।

हर दिन की तरह गुरुवार को भी महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 14857 केस आए। यहां 9136 मरीज ठीक हुए, जबकि 355 की मौत हो गई।

उधर, राजधानी दिल्ली में कोरोना मरीजों का मिलना एक बार फिर तेज हो गया है। गुरुवार को अगस्त महीने के एक दिन के सर्वाधिक 1840 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही, शहर में कुल मामले बढ़कर 1.67 लाख से अधिक हो गए, जबकि इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,369 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 22 लोगों की मौत हुई है।

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। कोविड-19 से पीड़ित होने वाले मोदी सरकार के मंत्रियों में उनका भी नाम शामिल हो गया है। हरियाणा के फरीदाबाद से 63 वर्षीय सांसद ने गुरुवार को ट्विटर पर इसका खुलासा किया और हाल ही में उनके संपर्क में आए सभी लोगों से कोविड-19 की जांच कराने का अनुरोध किया। उधर, उत्तरप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने यह जानकारी ट्वीट कर दी। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। इसके साथ राज्य में अब तक 12 मंत्री पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें से दो मंत्री चेतन चौहान और कमल रानी वरुण की मौत हो गई।

इस महीने की शुरुआत में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, आयुष मंत्री श्रीपद नाइक, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। इससे पहले राज्य से तीन अन्य भाजपा सांसद- संजय भाटिया (करनाल), बृजेन्द्र सिंह (हिसार) और नायब सिंह सैनी (कुरुक्षेत्र) भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। हरियाणा के 8 भाजपा विधायक भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, जिनमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्य विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा और कृषि मंत्री जे पी दलाल शामिल हैं।

24 घंटे में 9 लाख से ज्यादा हुए टेस्ट

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 24 घंटे में 9 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए। अब तक कुल 3।9 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है। देश में रिकवरी रेट अब 76।24% हो गया है।

पंजाब में शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन

पंजाब में कोरोना के प्रसार को देखते हुए सरकार ने शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लगा दिया है। राज्य में संक्रमित मंत्रियों और विधायकों की कुल संख्या 29 हो गई है।

महाराष्ट्र में कोरोना से 355 मौतें, 14,857 नए मरीज मिले

महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 14,857 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 7।3 लाख हो गई। इसके अलावा 355 मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 23,444 तक पहुंच गई। 355 से 236 मरीजों की मौत पिछले 48 घंटों में हुई जबकि 83 मरीजों की मौत पिछले एक सप्ताह में हुई। राज्य में अभी 1,78,234 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 5,31,563 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। मुंबई में 1,350 नए मामले सामने आए जबकि 30 मरीजों की मौत हो गई। शहर में कोविड-19 मामलों की कुल संख्या 1,40,882 हो गई है वहीं मृतकों की संख्या बढकर 7,535 हो गई। मुंबई में अभी 19,463 मरीजों का इलाज चल रहा है।

हरियाणा में कोरोना की रफ्तार तेज

हरियाणा में गुरुवार को कोरोना वायरस के 1,293 नए मामले सामने आए और इस महामारी से 12 और लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब मृतकों की संख्या 646 हो गई है जबकि मामलों की कुल संख्या 59,298 पहुंच गई है। यहां अभी 9,962 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 48,690 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं।

राजस्थान में 13 की मौत, कुल संक्रमित 76 हजार के पार

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से गुरुवार को 13 और मौत हुईं, जिससे राज्य में इस घातक वायरस के संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 1,005 हो गई है। इसके साथ ही 1,345 नए संक्रमित मिलने से राज्य में संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 76,015 हो गई, जिनमें से 14,425 मरीजों का इलाज चल रहा है। पिछले 24 घंटे में जयपुर में 225, जोधपुर में 233, कोटा में 129, अलवर में 121, अजमेर में 113, बांसवाड़ा में 27, प्रतापगढ़ में 25, भीलवाड़ा में 55, बूंदी में 23, दौसा में 19, चूरू में 17, करौली में 9, जैसलमेर में 6 संक्रमित मिले।

झारखंड में 1137 नए संक्रमित

झारखंड में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 10 और मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में अबतक इससे 362 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1137 नए मामले सामने आए जिन्हें मिलाकर राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 33311 हो गई है। इसमें कहा गया है कि राज्य के 33311 संक्रमितों में से 22486 अब तक ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं। इसके अलावा 10463 अन्य संक्रमितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

पंजाब में कोरोना वायरस के 1,746 नए मामले

पंजाब में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,746 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 47,836 हो गई है जबकि इस महामारी से 37 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 1,256 पहुंच गई है। अब तक इस संक्रमण से 30,972 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अनुसार इस समय राज्य में कोविड-19 के 15,608 मरीजों का इलाज चल है।

बिहार में कुल मामले 1.28 लाख

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान 9 और लोगों की मौत हो जाने से इससे मरने वालों की संख्या 662 पहुंच गई। इस रोग से अबतक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढकर 128850 हो गई है। बिहार में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1860 नए मामले सामने आए हैं। बिहार में अभी कोरोना के 18 हजार 491 एक्टिव मरीज हैं।

मध्यप्रदेश में 1317 नए मरीज मिले

मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 1317 केस मिले और 1207 लोग ठीक हुए। अब संक्रमितों की संख्या 58 हजार 181, ठीक होने वालों की संख्या 44 हजार 453 और मृतकों की संख्या 1306 हो चुकी है। हर दिन 20-22 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं। अब तक 12।71 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं।

उत्तरप्रदेश में 5391 नए मरीज मिले

उत्तरप्रदेश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के रिकॉर्ड 5391 नए मामले सामने आए और 4331 लोग ठीक हुए। अब तक 2 लाख 8 हजार 491 केस मिले। इनमें 1 लाख 52 हजार 893 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3217 मरीजों की मौत हो चुकी है।गुरुवार को प्रदेश में 1 लाख 38 हजार 526 सैंपल्स की जांच की गई है। राज्य में अभी तक 50 लाख 80 हजार 205 टेस्ट किए जा चुके हैं। प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 93 लाख 20 हजार 725 घरों का सर्विलांस किया गया है।

ये भी पढ़े :

# रिया के यौन शोषण के आरोपों पर भड़कीं सुशांत की बहन, कहा - काश, भाई उस लड़की से कभी न मिले होते

# मैं तो बोलती हूं एक बंदूक ले आओ और गोली मारकर उड़ा दो हमें : रिया चक्रवर्ती

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com