आंध्र प्रदेश स्थित विशाखापट्टनम में के आरएस वेंकटपुरम में एलजी पॉलिमर उद्योग में एक प्लांट में अचानक केमिकल गैस लीक ( Andhra Pradesh Gas Tragedy) होने से बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बच्ची समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और तकरीबन 5000 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। इसके बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है। अभी भी हालात नियंत्रण में नहीं हैं। स्थानीय प्रशासन और नेवी ने फैक्ट्री के पास के गांवों को खाली करा लिया है।
दरअसल, जानकारी के मुताबिक आरआर वेंकटपुरम में स्थित विशाखा एलजी पॉलिमर कंपनी से खतरनाक जहरीली गैस का रिसाव हुआ है। यह घटना गुरुवार सुबह 2:30 बजे हुई। इस जहरीली गैस के कारण फैक्ट्री के 3 किलोमीटर के इलाके प्रभावित हैं।
गैस रिसाव की चपेट में आस-पास के सैकड़ों लोग आ गए और कई लोग बेहोश हो गए, जबकि कुछ लोगों को सिर दर्द, उल्टी और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। गैस लीकेज के असली कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। उधर, पुलिस और प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू का काम चालू कर दिया है। गोपालपट्टनम सर्किल के इंस्पेक्टर रामान्या ने मीडिया को बताया कि उन्हें करीब 50 लोग सड़क पर बेहोश मिले। घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई।
मौके पर विशाखापट्टनम के जिलाधिकारी वी विनय चंद पहुंच गए हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि दो घंटे के अंदर हालात को नियंत्रण में कर लिया गया। कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है, उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है।
एलजी पॉलिमर्स इंडस्ट्री की स्थापना 1961 में हिंदुस्तान पॉलिमर्स के नाम से की गई थी। कंपनी पॉलिस्टाइरेने और इसके को-पॉलिमर्स का निर्माण करती है। 1978 में यूबी ग्रुप के मैकडॉवल एंड कंपनी लिमिटेड में हिंदुस्तान पॉलिमर्स का विलय कर लिया गया था और फिर यह एलजी पॉलिमर्स इंडस्ट्री हो गई।














