पिछले साल बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों को कैंसर ने अपनी गिरफ्त में लिया है। सबसे पहले एक्टर इरफान फिर उसके बाद एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे ने भी खुद को कैंसर होने की बात का खुलासा किया और न्यूयॉर्क में इस बीमारी का इलाज ले रही हैं। पिछले कुछ समय से दिग्गज एक्टर ऋषि कपूर भी न्यूयॉर्क में हैं और एक बीमारी का इलाज करा रहे हैं। लेकिन नए साल पर उनकी पत्नी नीतू के एक कैप्शन ने इस बात की तरफ इशारा किया है कि ऋषि कपूर भी शायद कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का इलाज करा रहे है।
अपने इंस्टाग्राम पर ऋषि कपूर की पत्नी एक्ट्रेस रहीं नीतू सिंह ने एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह अपने पति ऋषि कपूर, बेटी ऋद्धिमा कपूर सहानी, उनके पति और बेटी, बेटे रणबीर कपूर और आलिया के साथ नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए नीतू ने कैप्शन लिखा है, '2019 की शुभकामनाएं, इस साल कोई संकल्प नहीं सिर्फ दुआएं... ट्रैफिक से पॉल्यूशन कम हो, उम्मीद है कि भविष्य में 'कैंसर' महज एक राशि का नाम ही हो, नफरत न हो, गरीबी कम हो और बहुत सारा प्यार और साथ हो और सबसे जरूरी अच्छा स्वास्थ्य हो...'














