पिछले कई सालों से सैल्यूलाइड के परदे से दूर रह रही अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी छोटे परदे पर खूब दिखाई देती हैं। इन दिनों छोटे परदे के रियलिटी शो को गीता माँ और अनुराग बसु के साथ जज कर रही शिल्पा शेट्टी ने हाल ही में अपने बारे में कुछ ऐसा खुलासा किया है जिससे उनके संघर्ष के बारे में पता चलता है। हाल ही में ‘ह्यूमन ऑफ बॉम्बे’ ग्रुप से बातचीत में शिल्पा ने अपने बॉलीवुड स्ट्रगल से जुड़े कुछ किस्से साझा किए। शिल्पा ने बताया, ‘मैं बहुत काली, लंबी और पतली थी। मैंने ग्रेजुएशन की और अपने पिता के साथ काम करने लगी। मैं अंदर ही अंदर कुछ बड़ा करने की ख्वाहिश पाले बैठी थी। कुछ अलग, कुछ बेहतर करना चाहती थी, लेकिन मुझे कभी ऐसा लगा ही नहीं कि मैं कर पाऊंगी। लेकिन जब मैंने एक फैशन शो में सिर्फ मस्ती के लिए पार्टिसिपेट किया तो मैं एक फोटोग्राफर से मिली जो मेरी तस्वीरें लेना चाहता था। मेरे लिए यह एक बहुत अच्छा मौका था अपने कंफर्ट जोन से बाहर आने का।














