सोशल मीडिया पर अक्सर किसी न किसी सेलेब की मौत की अफवाह उड़ती रहती है। बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस मुमताज के निधन की अफवाह फैलाई जा रही थीं जिसके बाद अब उनके परिवार ने मुमताज के निधन की खबरों को खारिज किया है। परिवार ने कहा है कि वो पूरी तरह से सेहतमंद हैं। बता दें कि सोशल मीडिया पर इस तरह की खबरें थी कि मुमताज का निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेत्री मुमताज की मौत की अफवाह पर लगाम लगाते हुए उनकी बेटी तान्या माधवानी ने कहा कि वह बिल्कुल स्वस्थ हैं और लंदन में हैं। तान्या ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘बेहद दुर्बल करने वाली बात, दूसरी बार मेरी मां की मौत की अफवाह। वह बिल्कुल स्वस्थ हैं और हमेशा की तरह खूबसूरत दिखती हैं। उन्होंने मुझे कहा कि उनके प्रशंसकों को उनके स्वस्थ होने की जानकारी दे दूं। ये अफवाह बकवास है।’ इसके साथ ही एक वीडियो में तान्या ने कहा, ‘मेरी मां बिल्कुल ठीक हैं। वह लंदन में हैं। उन्होंने आप सबको ढेर सारा प्यार भेजा है।’














