अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) तापसी पन्नू (Taapsee Pannu) अभिनीत और सुजॉय घोष निर्देशित फिल्म ‘बदला (Badla)’ ने वैश्विक स्तर पर 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त कर ली है। इस बात की जानकारी जारी हुए नए पोस्टर से सामने आई है जिसमें सुर्ख लाल रंग में इसकी कमाई 110 करोड़ बताई गई है। इस पोस्टर को तापसी पन्नू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी किया है। होली के मौके पर प्रदर्शित हुई अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी’ का ‘बदला’ पर कोई असर नजर नहीं आया है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 15 दिन का सफर पूरा करते हुए दुनिया भर में अपनी सफलता का परचम फहराने में सफलता प्राप्त की है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक 69.39 करोड़ कारोबार कर चुकी है। इसके साथ ही अमिताभ बच्चन ने अपनी पिछली दो फिल्मों 102 नॉट आउट और पिंक को पीछे छोडऩे में कामयाबी प्राप्त कर ली है। फिल्म को पहले सप्ताह में जहां 38 करोड़ रूपये की कमाई हुई थी वहीं दूसरे सप्ताह में ‘बदला’ ने 29.32 करोड़ रूपये की कमाई की। इसके साथ अमिताभ बच्चन ने अपनी फिल्म 102 नॉट आउट के 52.04 करोड़ और पिंक के 65.39 करोड़ के लाइफ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। यह दूसरा मौका है जब यह अमिताभ और तापसी की जोड़ी एक साथ परदे पर अपने अभिनय का जादू चलाने में कामयाब हुई है। इसी के साथ ‘बदला’ तापसी पन्नू के करिअर की तीसरी हाईएस्ट ग्रोसर फिल्म बन गई है।
THANK YOU ! 🙏🏼🙏🏼🙏🏼🙏🏼#Badla pic.twitter.com/S0L5swXP1S
— taapsee pannu (@taapsee) March 23, 2019














