श्रीगंगानगर : दो बंदियों के बीच हुई आपसी कहासुनी में एक ने की दूसरे की हत्या, मौके से फरार हुआ कैदी
By: Ankur Wed, 20 Jan 2021 12:01:25
जिले की नरसिंहपुरा खुली जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे दो बंदियों के बीच हुई आपसी कहासुनी मंगलवार को हत्या में बदल गई। अल सुबह नत्था सिंह व गोरा सिंह नाम के दो बंदियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। जिस पर गोरा सिंह ने नत्था सिंह पर हमला कर हत्या कर दी।
मृतक बंदी नत्था सिंह सूरतगढ़ का रहने वाला था। जो हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वहीं, दूसरा बंदी गोरा सिंह चुनावढ का रहने वाला है। वो भी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। दोनों बंदियों को कुछ दिन पूर्व ही खुली जेल नरसिंहपुरा बिरानी में भेजा गया था। वारदात के समय गोरा सिंह नरसिंहपुरा की खुली जेल में निगरानी ड्यूटी पर था। उसी समय रात को नत्था सिंह व गोरा सिंह में किसी बात को लेकर बहस हो गई। बात इतनी आगे बढ़ गई कि गोरा सिंह ने धारदार हथियार से नत्था सिंह पर हमला कर दिया।
हमले में बंदी नत्था सिंह के चोटिल होने पर राजकीय चिकित्सालय श्रीगंगानगर में भेजा गया। जहां इलाज के दौरान नत्था सिंह की मृत्यु हो गई। वहीं, घटना के बाद आरोपी गोरा सिंह मौके से फरार हो गया। खुली जेल प्रभारी ने घमूडवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी गौरा सिंह को पकड़ने के प्रयास तेज किए हैं।
उधर घटना की जांच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीगंगानगर द्वारा की जा रही है। मृतक नत्था सिंह के परिजनों को हत्या की सूचना दे दी गई है। जिनके आने पर उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।
ये भी पढ़े :
# उदयपुर : ऑपरेशन क्लीन में होगा अपराधियों का सफाया, जारी हुई सूची, पकड़वाने पर मिलेंगे 5000 रूपए
# नागौर : महीने भर पहले दरगाह के दानपात्र से हुई थी 2 लाख की चोरी, अब 93 हजार रुपए रख गए वापस
# जयपुर : 3 बड़े कारोबारी समूहों के 28 ठिकानों पर आयकर विभाग ने की छापेमारी