
सिरोही जिले के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के शिवगढ़ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां शराबी बाप को टोकना बेटे को भारी पड़ गया और उसने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वारदात की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी छगनलाल डांगी, पिड़वाड़ा वृत्ताधिकारी किशोर सिंह चौहान, रोहिड़ा थाना प्रभारी हडवंत सिंह भाटी मयजाप्ता मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, शिवगढ़ (लाज) निवासी भानाराम रेबारी पुत्र रामजी रेबारी सोमवार सुबह शराब पीकर घर आया। यह देख उसके बेटे भरत रेबारी ने टोका। इस बात पर गुस्साए भानाराम ने पास ही पड़ी कुल्हाड़ी से भरत के पेट के नीचे के हिस्से में एक के बाद एक कई वार कर दिए। भरत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद भानाराम मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, भानाराम शराब का आदी था। शराब पीकर आने की बात को लेकर अक्सर बाप-बेटे में तकरार होती रहती थी। इस बात से भानाराम नाराज था।














