सुपरस्टार सलमान खान (58) हमेशा मनोरंजन की खबरों के केंद्र में रहते हैं। चाहे बात उनकी निजी जिंदगी की हो या फिर फिल्मों की, दोनों को लेकर ही फैंस और मीडिया में जबरदस्त क्रेज रहता है। सलमान को मनोरंजन जगत में 30 साल से भी ज्यादा वक्त बीत चुका है। ऐसे में वे सबके दिलों में खास जगह बना चुके हैं और लोग उनसे भावनात्मक रूप से भी जुड़े हुए हैं। सलमान इन दिनों अपनी फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग में बिजी हैं।
इस बीच सलमान ने आज गुरुवार (22 अगस्त) को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें सलमान अपने भांजे अग्नि के साथ मस्ती करते हुए नजर आ रहे हैं। सलमान पेंटिंग में बिजी हैं, तभी अग्नि उनके पास आते हैं और मस्ती में उनके आर्टवर्क के बारे में सवाल पूछते हैं। ये मस्ती भरी बातचीत, जिसमें अग्नि की रैपिंग और सलमान के हल्के-फुल्के कॉमेंट्स हैं, देखने में काफी दिलचस्प है। बता दें कि मामा-भांजे की जोड़ी एक रोमांचक प्रोजेक्ट लेकर आ रही है। यह 'यू आर माइन' गाने का टीजर है। इस गाने को सलमान ने अपनी आवाज दी है।
अग्नि ने इस गाने में रैप किया है। इसके बोल सलमान ने संजीव चतुर्वेदी के साथ मिलकर लिखे हैं। विशाल मिश्रा ने इसको कंपोज किया है। अग्नि, सलमान की बहन अलवीरा और बहनोई अतुल अग्निहोत्री का बेटा है। उल्लेखनीय है कि सलमान अब अगले साल ईद पर रिलीज होने वाली फिल्म ‘सिकंदर’ में नजर आएंगे। इसमें उनके साथ रश्मिका मंदाना हैं। सलमान की पिछली फिल्म ‘टाइगर 3’ नवंबर 2023 में रिलीज हुई थी। सलमान जल्द ही ‘बिग बॉस 18’ भी होस्ट करते दिखेंगे।
सुनील शेट्टी ने पत्नी माना शेट्टी के साथ फोटो शेयर कर लिखा...
तीन दशक से भी ज्यादा समय से बॉलीवुड में छाए अभिनेता सुनील शेट्टी की पत्नी माना शेट्टी का आज गुरुवार (22 अगस्त) को जन्मदिन है। सुनील ने माना को स्पेशल अंदाज में विश किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पत्नी के लिए अपनी भावनाएं जाहिर की, जिसे देख फैंस इस जोड़ी पर भरपूर प्यार लुटा रहे हैं। सुनील ने एक प्यारी ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों एक-दूसरे को प्यार से गले लगाए हुए हैं।
कैप्शन में सुनील ने लिखा, “हैप्पी बर्थडे वाइफ...मेरी साथी लियो, पार्टनर, सबसे अच्छी दोस्त और विश्वासपात्र।” अभिनेता रितेश देशमुख ने भी माना को विश करते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे माना!!!! ढेर सारा प्यार।” टाइगर श्रॉफ ने कहा, “हैप्पी बर्थडे माना आंटी।” नेहा धूपिया ने लिखा, “हमेशा प्यार...हैप्पी बर्थडे माना मैम।”
बता दें कि 25 दिसंबर 1991 को सुनील और माना की शादी हुई थी। वे 1992 में अथिया और 1996 में अहान के माता-पिता बने। सुनील के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे अब 'वेलकम 3' और 'द लीजेंड ऑफ सोमनाथ' जैसी मूवी में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाते नजर आएंगे।














