बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने रक्षाबंधन का त्योहार परिवार के साथ मनाया। बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री के घर समय बिताने के बाद जब अभिनेता बाहर निकले तो पैपराजी ने उन्हें कैमरे में कैद कर लिया। इस दौरान सलमान के माथे पर टीका और हाथों में कई राखियां नजर आईं। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
सलमान खान इस मौके पर काफी सहज और रिलैक्स नजर आए। बाहर मौजूद पैपराजी के सामने उन्होंने पोज भी दिए और हाथ में बंधी राखियां कैमरे के सामने दिखाई दीं। हालांकि, परिवार के साथ हुए रक्षाबंधन समारोह की ज्यादा तस्वीरें या वीडियो अभी सामने नहीं आए हैं।
अलवीरा और अर्पिता के साथ खास रिश्ता
सलमान खान अपनी बहनों अलवीरा खान अग्निहोत्री और अर्पिता खान शर्मा के साथ करीबी रिश्ता साझा करते हैं। रक्षाबंधन के मौके पर अभिनेता ने परिवार के साथ वक्त बिताया। सेलिब्रेशन के बाद सामने आई उनकी झलक ने फैंस का ध्यान खींचा।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सलमान का फेस्टिव लुक भी देखने को मिला। अभिनेता के हाथों में बंधी राखियां और माथे का टीका इस मौके की खास झलक बन गए।
काउबॉय हैट में दिखा सलमान का अलग अंदाज
रक्षाबंधन के मौके पर सलमान मैरून रंग की टी-शर्ट, ब्लू जींस और काउबॉय हैट में नजर आए। उनका यह लुक उनके सामान्य स्टाइल से अलग अंदाज में दिखाई दिया, जिसे फैंस पसंद कर रहे हैं।
इन प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगे सलमान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान 'बिग बॉस 20' को होस्ट करते दिखाई देने वाले हैं। उन्हें हाल ही में फिल्म '7 डॉग्स' में देखा गया था।
इसके अलावा सलमान के 'कॉफी विद करण' के नए सीजन में गेस्ट के तौर पर नजर आने की बात भी सामने आई है। उनकी अपकमिंग फिल्मों में 'मातृभूमि' और वामशी पेड्डीपल्ली के निर्देशन में बनने वाली एक्शन-थ्रिलर 'SVC 63' शामिल हैं, जिनकी रिलीज का फैंस इंतजार कर रहे हैं।













