यश की आने वाली फिल्म 'रामायण' लंबे समय से चर्चा का विषय बनी हुई है। 'केजीएफ' फ्रेंचाइजी के बाद अभिनेता अब इस बड़े प्रोजेक्ट में रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म के बजट से लेकर इसकी ग्लोबल रिलीज और स्टार कास्ट तक, कई पहलुओं को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता है। अब यश ने रजत शर्मा के शो 'आप की अदालत' में फिल्म से जुड़े कई सवालों पर अपनी बात रखी है।
अभिनेता ने खास तौर पर फिल्म के कथित 4000 करोड़ रुपये के बजट को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि यह रकम केवल फिल्म निर्माण पर खर्च होने वाली राशि नहीं है, बल्कि इसमें प्रमोशनल बजट भी शामिल है। यश के मुताबिक, फिल्म को भारत के साथ हॉलीवुड में भी रिलीज करने की योजना है और इसी वजह से इसे ग्लोबल प्रोजेक्ट के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
4000 करोड़ रुपये के बजट में क्या शामिल है?
'आप की अदालत' में रजत शर्मा से बातचीत के दौरान यश ने कहा कि 'रामायण' दो हिस्सों में बनाई जा रही है और इसकी कुल लागत 4000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आंकड़े में प्रमोशन का खर्च भी शामिल है।
अभिनेता ने बताया कि हॉलीवुड में ग्लोबल रिलीज वाली फिल्मों के लिए प्रमोशनल बजट को भी बड़े स्तर पर रखा जाता है। इसी रणनीति के तहत 'रामायण' और 'टॉक्सिक' दोनों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने के इरादे से तैयार किया जा रहा है।
यश का मानना है कि 'रामायण' जैसी कहानी को बड़े पैमाने पर पेश करने की अपनी अलग चुनौती है। उनके मुताबिक, फिल्म की सफलता केवल इस बात पर निर्भर नहीं करती कि दर्शक कहानी पहले से जानते हैं या नहीं।
'रामायण' की कहानी में क्या नया होगा?
जब उनसे कहा गया कि 'रामायण' की कहानी पहले से सभी को मालूम है और अतीत में इस पर बनी कुछ फिल्में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं, तो यश ने इसका अलग नजरिया पेश किया।
उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने अपने दादाजी से रामायण की कहानी सुनी और बाद में सीरियल और फिल्मों के जरिए भी इसे देखा। उनके अनुसार, इस महाकाव्य को लेकर हर व्यक्ति की अपनी कल्पना और समझ होती है।
यश ने कहा कि फिल्म में मनोरंजन के साथ धार्मिक मूल्यों का संतुलन जरूरी है। उन्होंने अपने पार्टनर नमित मल्होत्रा की मेहनत का जिक्र करते हुए कहा कि अगर फिल्म अच्छी बनी तो दर्शकों का आशीर्वाद जरूर मिलेगा।
राम नहीं, रावण का किरदार क्यों चुना?
यश से जब पूछा गया कि उन्होंने भगवान राम की भूमिका के बजाय रावण का किरदार क्यों चुना, तो अभिनेता ने इसका कारण कहानी से जोड़कर बताया।
उनके मुताबिक, राम के व्यक्तित्व और उनकी अच्छाई को प्रभावी ढंग से दिखाने के लिए रावण के नकारात्मक पक्ष को भी उतनी ही मजबूती से प्रस्तुत करना जरूरी है। यश ने रावण के किरदार की ताकत और उसके वरदानों का जिक्र करते हुए कहा कि फिल्म में ऐसा प्रभाव पैदा करने की जरूरत है कि दर्शक सोचें कि उसे हराना इतना मुश्किल क्यों है।
इसी क्रम में उन्होंने आत्मविश्वास से कहा कि रावण के किरदार को उनसे बेहतर कोई नहीं दिखा सकता। यश ने यह भी कहा कि फिल्म से जुड़े लोगों ने अपने अहंकार को अलग रखकर कहानी को प्राथमिकता दी है।
रणबीर कपूर के राम बनने पर क्या बोले यश?
फिल्म की स्टार कास्ट को लेकर भी 'आप की अदालत' में सवाल हुए। जब यश से पूछा गया कि अगर वह फिल्म के 'राजा' हैं तो रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका कैसे निभा सकते हैं, तो उन्होंने सीधा जवाब दिया कि कलाकार असल जिंदगी में नहीं, बल्कि कहानी के किरदार निभाते हैं।
इससे साफ है कि यश फिल्म में रावण की भूमिका निभाएंगे, जबकि रणबीर कपूर राम के किरदार में दिखाई देंगे।
सनी देओल निभाएंगे हनुमान का किरदार
फिल्म में सनी देओल की भूमिका को लेकर भी यश ने जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सनी देओल बजरंगबली यानी हनुमान का किरदार निभाएंगे।
यश ने बातचीत में हनुमानजी का कर्नाटक से जुड़ा संदर्भ भी दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म में शामिल हर कलाकार अपने साथ अपनी अलग वैल्यू लेकर आ रहा है।
'रामायण' को लेकर सामने आए यश के बयानों से फिल्म के बड़े पैमाने, स्टार कास्ट और उनके रावण के किरदार को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है। अब फिल्म की प्रस्तुति और कहानी को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: यश ने बताई एक फिल्म की फीस, 50 करोड़ वाले सवाल पर बोले- 'उससे ज्यादा चाहिए सर'













