मनोज बाजपेयी 'द फैमिली मैन' के बहुप्रतीक्षित तीसरे सीजन में देसी जेम्स बॉन्ड 'श्रीकांत तिवारी' के रूप में एक्शन में वापस आने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस सुपरहिट वेब सीरीज की तीसरी किस्त का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच, ताजा रिपोर्ट्स बताती हैं कि तीसरा सीजन लोकप्रिय स्पाई थ्रिलर का अंत नहीं होगा। जी हां, सीरीज की कहानी आगे बढ़ेगी और ऐसा लगता है कि 'द फैमिली मैन' के निर्माता राज और डीके ने तय कर लिया है कि सीरीज का समापन कब करना है।
बता दें कि 'द फैमिली मैन 3' की शूटिंग चल रही है। इस बीच, निर्माता राज और डीके चौथे सीजन को अंतिम किस्त मान रहे हैं। मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार, 'तीसरे सीजन की शूटिंग चल रही है और टीम में हर कोई इस बात को लेकर उत्साहित है कि यह कैसा आकार ले रहा है। इसके साथ ही चौथे संस्करण के साथ सीरीज साइन करने को लेकर भी चर्चा हो रही है। राज-डीके फिलहाल इस पर विचार कर रहे हैं और अंतिम फैसला लिया जाना बाकी है।'
'द फैमिली मैन' का प्रीमियर साल 2019 में हुआ था। कॉमेडी और जासूसी से भरपूर इस सीरीज ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। मनोज बाजपेयी, प्रियामणि और शारिब हाशमी स्टारर यह शो काफी हिट रहा था। दूसरे सीजन ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया, जिससे तीसरे सीजन के लिए दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, सीरीज को खत्म करने का विचार अभी शुरुआती दौर में है। तीसरा सीजन खत्म होने के बाद ही सभी हितधारकों से चर्चा होगी और अंतिम फैसला लिया जाएगा। चौथे सीजन की स्क्रिप्टिंग शुरू हो चुकी है, जिसमें टीम तीसरे सीजन की शूटिंग शेड्यूल में मिले ब्रेक का इस्तेमाल नई स्क्रिप्ट पर काम करने में कर रही है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ेगी, फैंस को रोमांच का भरपूर मजा आने वाला है। यह देखना बाकी है कि क्या यह श्रीकांत तिवारी के कारनामों का अंत होगा, लेकिन एक बात साफ है कि मेकर्स अपनी पसंदीदा सीरीज को एक यादगार फिनाले देने के लिए समर्पित हैं।














