बॉक्स ऑफिस पर शुक्रवार का दिन कई फिल्मों के लिए अहम रहा। पहले से सिनेमाघरों में चल रही फिल्मों के बीच अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने भी दस्तक दे दी है। फिल्म की रिलीज के साथ ही पहले दिन के कलेक्शन ने दूसरी फिल्मों के मुकाबले इसे मजबूत शुरुआत दिलाई। वहीं, यश की ‘टॉक्सिक’ की रफ्तार पहले के मुकाबले काफी धीमी नजर आई, जबकि रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने दूसरे हफ्ते में भी कमाई जारी रखी।
पहले दिन ही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की मजबूत शुरुआत
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज का दर्शकों को इंतजार था और शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में इसका असर दिखाई दिया। फिल्म में लोकप्रिय पुराने किरदारों की वापसी के साथ कुछ नए कलाकार भी नजर आ रहे हैं।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को खबर लिखे जाने तक फिल्म ने 24.64 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली थी। फिल्म के अंतिम आंकड़े इससे अलग हो सकते हैं।
‘टॉक्सिक’ के कलेक्शन में दिखी गिरावट
यश की ‘टॉक्सिक’ को रिलीज हुए दस दिन पूरे हो चुके हैं। फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की शानदार कमाई के साथ शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद कलेक्शन में गिरावट दर्ज की गई।
फिल्म में यश के अभिनय की तारीफ हुई है, हालांकि इसे नकारात्मक समीक्षाओं का भी सामना करना पड़ा है। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ ने शुक्रवार को 1.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 241.05 करोड़ रुपये पहुंच गई। वहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 328.45 करोड़ रुपये बताया गया है।
दूसरे हफ्ते में भी ‘इरुमुडी’ की कमाई जारी
रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी है। फिल्म ने पहले दिन 15.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी। पहले सप्ताह में इसका कलेक्शन 92.15 करोड़ रुपये रहा, जबकि दूसरे सप्ताह में फिल्म ने 57.60 करोड़ रुपये जुटाए।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 15वें दिन यानी दूसरे फ्राइडे को 4.65 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ भारत में ‘इरुमुडी’ का कुल नेट कलेक्शन 154.40 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 200 करोड़ रुपये बताया गया है।
अब बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की शुरुआत और पहले से रिलीज फिल्मों की कमाई के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में वीकेंड कलेक्शन से तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग खत्म, रणबीर-आलिया-विक्की की फिल्म 21 जनवरी 2027 को होगी रिलीज














