मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर इन दिनों सिद्धार्थ मल्होत्रा, दिशा पटानी व राशि खन्ना स्टारर फिल्म 'योद्धा' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बीच करण ने सोमवार (26 फरवरी) को अपने फैंस के साथ इंस्टाग्राम पर एक लाइव सेशन रखा। करण ने अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर अपडेट दिया और साथ ही 'संगम' की रीमेक पर भी बात की। करण लगभग 15 मिनट तक लाइव सेशन में रहे, जिस दौरान फैंस ने सवालों और प्यार भरे कमेंट्स की बौछार कर दी।
करण ने अपनी आने वाली फिल्म को लेकर खुलासा किया कि कास्टिंग अभी तक नहीं हुई है, लेकिन वो दिसंबर तक शूटिंग शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि मेरी कहानी लगभग पूरी हो चुकी है। मैं जिस फिल्म का निर्देशन करना चाहता हूं, उसके पहले ड्राफ्ट से अभी एक हफ्ते दूर हूं। मैं खुद से और अपनी टीम से वादा करता हूं जो पहले से ही एक्टिव तौर से तैयारी कर रही है कि मैं इस साल के आखिर तक या उम्मीद है कि उससे थोड़ा पहले सेट पर पहुंच जाऊंगा और ये दो फिल्मों के बीच मेरा सबसे तेज बदलाव होगा।
एक फैन ने करण से रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण को लेकर बनाई जाने वाली फिल्म के बारे में पूछा। इस पर करण ने कहा कि नहीं, मैं कोई लव स्टोरी नहीं बना रहा हूं। मुझे लगता है कि मेरी लव स्टोरी को थोड़ा आराम देने की जरूरत है, लेकिन मैं जो फिल्म लिख रहा हूं, उसमें निश्चित रूप से एक मजबूत लव स्टोरी अंतर्निहित है। इसलिए प्यार एक ऐसी चीज है जो मैं संगीत के बिना नहीं कर सकता। ऐसा न करें ताकि ये सभी हमेशा मेरे सिनेमा का एक बड़ा हिस्सा बने रहें। वहीं, राज कपूर, राजेंद्र कुमार व वैजयंती माला की 'संगम' की रीमेक के बारे में बात करते हुए करण ने कहा कि उसको फिलहाल रोक दिया गया है।
प्रियंका चोपड़ा ने एक बार फिर से फैंस को दिखाई बेटी मालती मैरी की झलक
ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा प्रोफेशनल के साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी लाइमलाइट में रहती हैं। प्रियंका को किसी न किसी तरह से अपने फैंस से जुड़े रहना पसंद है। ऐसे में वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। प्रियंका आएदिन अपनी नन्ही-मुन्नी परी जैसी बेटी मालती मैरी और पति अमेरिकी सिंगर निक जोनस के साथ फोटो व वीडियो अपलोड करती हैं। अब प्रियंका ने एक बार फिर अपने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो फोटो पोस्ट की हैं।
प्रियंका ने मालती के साथ-साथ उसके हाथों की भी तस्वीर शेयर की है। पहली फोटो में मालती अपनी मां की गोद में बड़े आराम से बैठी हुई नजर आ रही हैं। दूसरी तस्वीर में मालती के नन्हें हाथ दिख रहे हैं। इसे देखकर फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि ये तब की इमेज है जब मालती का जन्म हुआ था। प्रियंका ने अपनी इस पोस्ट को एक प्यारा सा कैप्शन भी दिया है। उन्होंने लिखा, “समय सचमुच उड़ जाता है। सप्ताह की सही शुरुआत।” प्रियंका की इस पोस्ट पर निक ने कमेंट में दिल वाली इमोजी बनाई है।
निक इन दिनों अपने कॉन्सर्ट में बिजी चल रहे हैं, जिसके चलते वे परिवार से दूर हैं। ऐसे में वह बेटी और पत्नी को काफी मिस कर रहे हैं। बता दें कि मालती का जन्म 15 जनवरी 2022 को सरोगेसी के जरिए हुआ था। प्रियंका जल्द ही हॉलीवुड फिल्म 'द ब्लफ' में नजर आएंगी, जोकि एक पीरियड ड्रामा फिल्म है। इसके अलावा प्रियंका ऑस्कर नॉमिनेटेड 'टू किल ए टाइगर' को लेकर भी चर्चा में हैं। यह डॉक्यूमेंट्री जल्द ही नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।














