चेन्नई। तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलापति विजय) की बहुप्रतीक्षित और आखिरी फिल्म 'जना नायकन' सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। 23 जुलाई को रिलीज हुई इस पॉलिटिकल एक्शन-थ्रिलर को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। लंबे समय से फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस ने पहले ही दिन इसे शानदार ओपनिंग दिलाई, जिससे साफ हो गया कि विजय की विदाई फिल्म को लेकर लोगों में कितना उत्साह था। पहले यह फिल्म जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी में देरी के कारण इसकी रिलीज लगभग सात महीने टल गई। आखिरकार 23 जुलाई को फिल्म बड़े पर्दे पर पहुंची और पहले ही दिन 42.70 करोड़ रुपये की दमदार कमाई कर सभी को चौंका दिया। अब रिलीज के तीन दिन बाद फिल्म की कमाई के नए आंकड़े सामने आ गए हैं।
तीसरे दिन फिर बढ़ी रफ्तार, 100 करोड़ क्लब से बेहद करीब पहुंची फिल्म
रिलीज के पहले दिन 42.70 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन करने वाली 'जना नायकन' की कमाई दूसरे दिन कुछ धीमी पड़ गई थी। शुक्रवार को फिल्म ने 21.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे इसकी कमाई में करीब 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, वीकेंड शुरू होते ही फिल्म ने एक बार फिर जोरदार वापसी की।
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, तीसरे दिन यानी शनिवार, 25 जुलाई को फिल्म ने 28.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल नेट कमाई 92.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। अब फिल्म को 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए सिर्फ 7.65 करोड़ रुपये की और जरूरत है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि चौथे दिन यह आंकड़ा आसानी से पार किया जा सकता है।
विदेशों में भी दिखा विजय का जलवा, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 170 करोड़ के पार
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा अभी भले ही बाकी हो, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में 'जना नायकन' शानदार प्रदर्शन कर रही है। विदेशों में फिल्म को दर्शकों का बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला है और अब तक यह 63.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है।
इसी के साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 171.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यदि ऑक्यूपेंसी की बात करें तो शनिवार को फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी 37.2 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को यह आंकड़ा 29.5 प्रतिशत रहा था, जबकि रिलीज वाले दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने 41.6 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की थी। वीकेंड के दौरान दर्शकों की बढ़ती संख्या से मेकर्स को आने वाले दिनों में और बेहतर कमाई की उम्मीद है।
सात महीने की देरी के बाद रिलीज हुई थी फिल्म
'जना नायकन' पिछले कई महीनों से लगातार चर्चा में बनी हुई थी। शुरुआत में इसकी रिलीज जनवरी में तय की गई थी, लेकिन सेंसर से जुड़ी औपचारिकताओं और मंजूरी में देरी के कारण फिल्म को निर्धारित समय पर रिलीज नहीं किया जा सका। इसके चलते फैंस को करीब सात महीने तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार 23 जुलाई 2026 को फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और रिलीज के साथ ही इसे दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला।
तृषा कृष्णन ने फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखकर जताई खुशी
फिल्म की रिलीज को लेकर सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। अभिनेत्री तृषा कृष्णन, जिन्हें थलापति विजय का करीबी दोस्त माना जाता है, ने भी अपने दोस्तों के साथ 'जना नायकन' का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखा। उन्होंने सिनेमाघर से अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए फिल्म की रिलीज पर खुशी जाहिर की। तृषा की पोस्ट को फैंस ने भी खूब पसंद किया और फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं। विजय की आखिरी फिल्म होने के कारण 'जना नायकन' को लेकर दर्शकों में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है और यही जोश अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में भी साफ नजर आ रहा है।













