‘बिग बॉस 19’ के घर में इस हफ्ते का माहौल पूरी तरह गरम हो गया है। वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर मालती चाहर के आने के बाद से ही घर में तनाव और ड्रामा बढ़ गया है। पहले तान्या मित्तल के साथ भिड़ने वाली मालती अब एक नए विवाद में फंस गई हैं, और इस बार सामने हैं मृदुल तिवारी। छह हफ्तों से शांत नज़र आ रहे मृदुल का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा और उन्होंने मालती से जमकर बहस कर ली।
शो के नए प्रोमो में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। शुरुआत में मृदुल खुद को सही ठहराने की कोशिश करते हैं, लेकिन मालती उन्हें बीच में रोकते हुए कहती हैं, “पागल है? जब बोलना था तब नहीं बोला, अब बोल रहा है।” इस पर मृदुल का आपा जवाब दे जाता है और वे कहते हैं, “मैंने एक सेकंड सोचा, मैं इसे इतनी गंदी गाली दे दूं कि शर्म आएगी।” बात यहीं नहीं रुकती — जब मालती वहां से जाने लगती हैं तो मृदुल कहते हैं, “अरे ओ हट! एक मिनट में भूत बना दूंगा।” इसके जवाब में मालती ताना मारती हैं, “तू है ही पागल,” जिस पर मृदुल पलटकर कहते हैं, “हां, मैं पागल हूं, तेरे जैसे पचास पागल एक मिनट में फेंक दूंगा।”














