भोजपुरी मनोरंजन जगत से जुड़े रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में इन दिनों लगातार नए खुलासे और दिलचस्प बातचीत देखने को मिल रही है। शो में निरहुआ, पवन सिंह, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी के साथ तेजप्रताप यादव भी नजर आ रहे हैं। हाल के एपिसोड में तेजप्रताप और मल्लिका के बीच मुलाकात और लंच के बाद अब दोनों का योगा सेशन दिखाया गया।
मल्लिका के साथ योगा करते नजर आए तेजप्रताप
नए एपिसोड में मल्लिका, तेजप्रताप यादव को योग के अलग-अलग पोज करने की कोशिश कराती हैं। हालांकि तेजप्रताप ज्यादातर पोज सही तरीके से नहीं कर पाते, लेकिन मल्लिका उन्हें लगातार प्रोत्साहित करती दिखाई देती हैं। इसी दौरान बातचीत का रुख फिटनेस की तरफ चला जाता है।
मल्लिका ने तेजप्रताप से पूछा कि बॉलीवुड में उन्हें किस अभिनेत्री की फिट बॉडी सबसे ज्यादा पसंद है। जवाब में तेजप्रताप ने मल्लिका के साथ शिल्पा शेट्टी का नाम लिया। जब मल्लिका ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या उनकी बॉडी सबसे ज्यादा फिट है, तो तेजप्रताप ने हां में जवाब दिया। इस पर मल्लिका ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
मल्लिका ने बताया अपनी फिटनेस का राज
बातचीत के दौरान मल्लिका ने अपनी फिटनेस को लेकर कहा कि वह अनुशासन के साथ रहती हैं और अपनी सेहत को लेकर सजग हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को उनके स्क्रीन पर निभाए गए किरदारों की वजह से उनकी वास्तविक जिंदगी के बारे में अलग धारणा हो सकती है, जबकि वह खुद को उससे अलग मानती हैं।
इसके बाद तेजप्रताप ने मल्लिका का हाथ देखकर उनके भविष्य को लेकर भी कुछ बातें कहीं। उन्होंने कहा कि उनका भविष्य उज्ज्वल है, वह काफी खर्च करती हैं और लोग उन्हें काफी दुख पहुंचाते हैं।
आम्रपाली दुबे का इवेंट में दिखा अंदाज
शो के दूसरे हिस्से में आम्रपाली दुबे एक इवेंट में पहुंचीं, जहां उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री में अपने करियर से जुड़े अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने गाना भी गाया। इवेंट के लिए आम्रपाली ने मैरून साड़ी पहनी थी और गोल्ड नेकलेस के साथ अपने लुक को पूरा किया। उन्होंने बाल खुले रखे थे।
काजल राघवानी ने ट्रोलिंग पर रखी बात
इसी एपिसोड में काजल राघवानी को शूटिंग करते हुए दिखाया गया। शूटिंग के दौरान वहां काफी लोग मौजूद थे। बातचीत में काजल ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग और अपने करियर को लेकर भी बात की।
काजल ने कहा कि अगर उन्हें किसी पर आरोप लगाना ही होता तो वह अपने करियर को दांव पर क्यों लगातीं। उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने कई चीजें सहन की हैं, लेकिन अब वह अपनी बात सामने रखना चाहती हैं। काजल के मुताबिक, उन्होंने अपनी सच्चाई लोगों के सामने रखी है और लोग इस पर किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं, यह उनका फैसला है।
उन्होंने भोजपुरी फिल्मों में कलाकारों के काम और भुगतान को लेकर भी अपनी राय रखी। काजल ने कहा कि पहले फिल्मों में कई किरदार एक जैसे नजर आते थे और निर्देशकों को बदल दिया जाता था। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में सभी लोग मेहनत करते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा भुगतान हीरो को मिलता है, जबकि बाकी कलाकारों के लिए बजट को लेकर अलग स्थिति रहती है।
काजल ने अपने करियर का जिक्र करते हुए कहा कि बड़े कलाकारों के साथ काम करने के दौरान शायद उन्होंने उतनी कमाई नहीं की, जितनी उस जगह से निकलने के बाद की।
आम्रपाली दुबे को लेकर पहले भी हुई थी बहस
शो में इससे पहले काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच बहस भी देखने को मिली थी। काजल ने आम्रपाली पर आरोप लगाया था कि उनकी वजह से निरहुआ उनके साथ काम नहीं करते। अब शो में काजल अपना रिवेंज सॉन्ग भी लेकर आई हैं।













