प्लास्टिक की बोतलों से बन रहे हैं घर, देखने के लिए आते हैं पर्यटक

आज के समय में वातावरण में बढ़ता प्रदूषण एक बहुत बड़ी समस्या हैं। जिसका एक मुख्य कारण प्लास्टिक के कचरे से होने वाला प्रदूषण भी हैं। सभी इस प्लास्टिक के कचरे का हल निकालने में लगे हुए हैं। ताकि इससे होने वाले प्रदूषण से बचा जा सकें। ऐसे में आज हम आपको एक ऐसे व्यक्ति के बारे में बताने जा रहे हैं जिसने इस प्लास्टिक से निपटने का अनोखा तरीका निकाला हैं। तो आइये जानते हैं इस व्यक्ति और इसके अनोखे तरीके के बारे में।

हम बात कर रहे हैं कनाडा के रहने वाले रॉबर्ट बेजाऊ के बारे में। वह प्लास्टिक की पुरानी बोतलों का इस्तेमाल कर इमारत बना रहे हैं। करीब 40 हजार बोतलों के इस्तेमाल से वह घर के स्ट्रक्चर की बेहतरीन कलाकृति बना रहे हैं। रॉबर्ट द्वारा बनाई जा रही इस इमारत का निर्माण कार्य इस साल के अन्त तक पूरा हो जाएगा। फिर इसे हॉलीडे रिजॉर्ट के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

वह बताते हैं कि एक बार किसी आइलैंड पर एक वॉलंटियर प्रोग्राम में हिस्सा ले रहे थे। वहां उनका ध्यान चारों तरफ फैले प्लास्टिक के कचरे पर गया। इसके बाद उनके मन में ख्याल आया कि उन्हें प्लास्टिक के कचरे की समस्या को दूर करने पर काम करना चाहिए।

उन्होंने बोतलों से मध्यकालीन किले जैसी इमारतें बनाई हैं, ताकि लोगों का ध्यान बढ़ते प्लास्टिक के कचरे की तरफ जाए। हालांकि, उनकी यह पहल काफी छोटी है, लेकिन सराहनीय भी है। इमारत का ढांचा बनाने के लिए स्टील और तार का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद उस पर सीमेंट की परत चढ़ाई जाती है। इमारत बनाने के पीछे रॉबर्ट का मकसद लोगों को प्लास्टिक के कचरे के प्रति जागरुक करना है।