JCB पर निकली शख्स की अंतिम यात्रा, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें

वेल्स के Wrexham में 77 साल के एक शख्स की अंतिम यात्रा JCB पर निकाली गई। मृतक का नाम रेमंड अल्बर्ट गुडलेट है। JCB के अगले हिस्से में उसके ताबूत को रखा गया और श्मशान तक ले जाया गया। उसकी अंतिम यात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ा था। कैंसर से लड़ाई के बाद उनका निधन हो गया था। रेमंड JCB चालक थे। उन्होंने करीब 60 वर्षों तक JCB से खुदाई का काम किया था। उन्हें इस मशीन से बेहद लगाव था। रेमंड की इच्छा थी कि उनकी अंतिम यात्रा में भी JCB साथ रहे। इसीलिए उनकी अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए उनके शव को JCB पर रखकर श्मशान तक ले जाया गया। JCB के पीछे लोग पैदल चल रहे थे। उनके अंतिम यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। रेमंड का निधन पिछले साल अक्टूबर में हुआ था।

उनकी पोती, लॉरेन गुडलेट ने रोसेट गांव में रेमंड की अंतिम यात्रा को रिकॉर्ड किया। उन्होंने कहा कि दादा को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके शव को JCB से ले जाया गया था। कैंसर के साथ उनकी लड़ाई बेहद कठिन थी। लंबी लड़ाई के बाद आखिर में उन्होंने दम तोड़ दिया।

अंतिम यात्रा की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कैसे रेमंड के शव के पीछे लोग पैदल चल रहे हैं। गाड़ियों का काफिला भी था। ताबूत पर फूल रखे हैं। उनके एक दोस्त ने कहा कि रेमंड को शुरू से JCB का शौक था। उन्होंने पूरा जीवन JCB की नौकरी में बिता दिया। अंतिम समय में भी JCB उनके साथ थी।