जयपुर: झालावाड़ जिले में हाल ही में हुए दर्दनाक स्कूल हादसे ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है और प्रदेश भर में जर्जर हालत में पड़े सरकारी स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि यह कदम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल उठाया गया है।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि हादसे की सूचना मिलते ही विभाग के प्रमुख सचिव को मौके पर भेज दिया गया। उन्होंने कहा, “हमारी पहली प्राथमिकता घायल बच्चों को उचित इलाज देना है। सरकार पहले से ही सभी स्कूलों को सुरक्षा से जुड़े दिशानिर्देश भेज चुकी थी, लेकिन अब इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी गई है।”
राज्य के हजारों सरकारी स्कूल भवन खस्ताहाल स्थिति में हैं और शिक्षा विभाग की ओर से इन सभी की सूची तैयार कर ली गई है। जल्द ही इन भवनों के पुनर्निर्माण और मरम्मत का कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई भी अनहोनी न हो।
भरतपुर दौरा टाला: झालावाड़ की घटना की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अपना भरतपुर और डीग का निर्धारित दौरा स्थगित कर दिया है। वे सीधे झालावाड़ रवाना हो गए हैं, जहां वे दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक कर अगली रणनीति तय करेंगे।