जयपुर के नाहरगढ़ स्थित राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) के पड़ाव रेस्टोरेंट में रविवार देर रात स्टाफ और पर्यटकों के बीच जमकर झड़प हुई। विवाद की शुरुआत रिजर्व सीट पर बैठने को लेकर हुई बहस से हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेस्टोरेंट के स्टाफ ने महिला पर्यटकों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। दोनों पक्षों ने ब्रह्मपुरी थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले की पूरी जानकारी 3 पॉइंट में:
1. बारिश के दौरान छाता लगाने पर विवाद
पड़ाव रेस्टोरेंट के मैनेजर भगत ने बताया कि रविवार रात 6 युवक और 2 युवतियां पार्टी के लिए आए थे। बारिश शुरू होने पर युवकों ने स्टाफ से ओपन एरिया में छाता लगाने की अनुमति मांगी। लेकिन तेज हवा के कारण स्टाफ ने यह अनुमति नहीं दी।
2. रिजर्व सीट पर बैठने से शुरू हुआ झगड़ा
इसके बाद युवकों और युवतियों ने कैफे एरिया में एक रिजर्व सीट पर बैठने की कोशिश की। स्टाफ ने उन्हें बताया कि यह सीट किसी और के लिए आरक्षित है। इसी बात को लेकर धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू हो गई। 3. विवाद हाथापाई में बदल गया
कुछ ही समय में बहस हाथापाई में बदल गई और वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। मारपीट के बाद दोनों पक्ष ब्रह्मपुरी थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
ब्रह्मपुरी थाना सीआई राजेश गौतम ने बताया कि पड़ाव रेस्टोरेंट में हुई मारपीट की दो शिकायतें मिली हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।