साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम की 0-2 की टेस्ट सीरीज हार के बाद से हेड कोच गौतम गंभीर लगातार आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। उन्हें फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ लगातार निशाने पर रख रहे हैं। गंभीर ऐसे पहले भारतीय कोच बन गए हैं, जिनके कार्यकाल में टीम इंडिया दो बार घरेलू टेस्ट सीरीज में व्हाइटवॉश का शिकार हुई।
इसी बीच पूर्व भारतीय हेड कोच रवि शास्त्री ने गंभीर को सलाह और चेतावनी दोनों दी हैं। उन्होंने कोच को साफ शब्दों में समझाया कि प्रदर्शन खराब रहा तो नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है।
Ravi Shastri की गंभीर को कड़ी चेतावनीप्रभात खबर के साथ इंटरव्यू में रवि शास्त्री ने कहा, “अगर आपका परफॉर्मेंस निराशाजनक रहा तो आपको बर्खास्त किया जा सकता है। इसलिए धैर्य बनाए रखना बेहद जरूरी है। टीम मैनेजमेंट में कम्युनिकेशन और मैन-मैनेजमेंट का कौशल बेहद अहम है। इससे ही आप खिलाड़ियों को सही दिशा में प्रेरित कर पाएंगे। और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आप जो कर रहे हैं, उसका आनंद लें। इसे दबाव की तरह न लें।”
रवि शास्त्री ने गंभीर को यह भी सुझाव दिया कि खिलाड़ियों के साथ संबंधों को मजबूत बनाना चाहिए और टीम के भीतर सकारात्मक माहौल बनाए रखना चाहिए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यही तरीका उन्होंने अपने कार्यकाल में अपनाया था।
गौतम गंभीर का हेड कोच करियर: सफलता और चुनौतीगौतम गंभीर ने डेढ़ साल के कोचिंग कार्यकाल में भारतीय टीम को कई बड़ी जीत दिलाई हैं। टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और एशिया कप 2025 के खिताब अपने नाम किए। लेकिन लाल गेंद क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा।
गंभीर की कोचिंग में भारत को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के हाथों घरेलू क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी टीम को हार झेलनी पड़ी। इस दौरान गंभीर और टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के संबंधों पर भी सवाल उठे। कई रिपोर्ट्स में कहा गया कि समय के साथ मुख्य कोच और इन वरिष्ठ खिलाड़ियों के बीच तालमेल कमजोर पड़ा।
रवि शास्त्री की सलाह और चेतावनी इस बात को उजागर करती है कि गंभीर के सामने केवल प्रदर्शन सुधारने की चुनौती ही नहीं, बल्कि टीम मैनेजमेंट और व्यक्तिगत संबंधों को संतुलित रखना भी बेहद जरूरी है।