भारत की करारी हार के बाद पाकिस्तान का विवादित रिएक्शन, खिलखिलाकर हंसे मोहम्मद आमिर

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली करारी हार के बाद भारतीय टीम आलोचनाओं के घेरे में आ चुकी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत को 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैदान पर हार का दुख तो था ही, साथ ही मैदान के बाहर हुए एक घटनाक्रम ने भारतीय फैंस को और नाराज कर दिया।

मोहम्मद आमिर के बयान से बढ़ा विवाद

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर इन दिनों भारतीय टीम पर कटाक्ष भरे बयान दे रहे हैं। टूर्नामेंट के शुरूआती दौर में उन्होंने भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को केवल “बड़ा शॉट खेलने वाला खिलाड़ी” यानी स्लॉगर कहा था। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया था कि इस बार भारतीय टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाएगी।

अब सुपर-8 के पहले ही मैच में भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा तो आमिर की प्रतिक्रिया एक पाकिस्तानी टीवी शो में सामने आई। शो के दौरान एंकर ने मजाक में उन्हें ‘एस्ट्रोलॉजर’ कहा, जिस पर आमिर मुस्कुराते नजर आए और कहा, “ये आपने मुझे क्या बना दिया।” उनका यह हल्का-फुल्का रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

यहां यह बात भी महत्वपूर्ण है कि पाकिस्तान की अपनी टीम भी सुपर-8 में संघर्ष कर रही है, ऐसे में अन्य देशों की टीमों पर टिप्पणी करना उचित नहीं माना जा रहा।
सेमीफाइनल की राह अब चुनौतीपूर्ण

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 187 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम सिर्फ 111 रन पर सिमट गई। इस हार से टीम इंडिया का नेट रन रेट भी प्रभावित हुआ है।

अब कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने दोनों आगामी मुकाबले जीतने होंगे। यदि टीम ऐसा करने में सफल रहती है, तो भारत की आगे बढ़ने की उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं।