लॉर्ड्स टेस्ट में रवींद्र जडेजा की बहादुर पारी ने न सिर्फ क्रिकेट प्रशंसकों को रोमांचित किया, बल्कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को भी एक सशक्त संदेश देने की प्रेरणा दी। भारत-इंग्लैंड टेस्ट के तीसरे मुकाबले में भारत 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 22 रन से हार गया, लेकिन जडेजा की नाबाद 61 रनों की जुझारू पारी ने देशभर में एक नई चर्चा को जन्म दिया।
ECI ने जडेजा के ‘SIR’ से जोड़ा मतदान का महत्वभारत निर्वाचन आयोग ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से एक खास संदेश जारी किया जिसमें उन्होंने जडेजा की पारी को SIR शब्द से जोड़ा। ट्वीट में लिखा गया:“रवींद्र जडेजा की वीरतापूर्ण पारी ने हमें याद दिलाया कि टीम के लिए उठ खड़े होने का असली मतलब क्या होता है – निडर, दृढ़ और निर्णायक। बस ऐसे ही, आपका वोट मायने रखता है। आगे बढ़ो, डटे रहो और इसे सार्थक बनाओ। #SIR”
यहां 'SIR' का आशय है –
S: Stand up (उठ खड़े हो)
I: Inspire others (दूसरों को प्रेरित करो)
R: Remain committed (प्रतिबद्ध रहो)
ECI ने इस संदेश के माध्यम से मतदाताओं को यह समझाने की कोशिश की कि वोट देना केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए दृढ़ खड़े होने का कर्तव्य भी है।
बिहार चुनाव से पहले ECI की रणनीतिक पहलयह ट्वीट बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की पृष्ठभूमि में भी अहम है। बिहार में चुनाव आयोग इस समय मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान चला रहा है। इसी संदर्भ में ‘SIR’ शब्द का प्रतीकात्मक उपयोग करते हुए आयोग ने मतदाताओं को निर्णायक भूमिका निभाने का आह्वान किया है।
बिहार में इस साल अक्टूबर या नवंबर में चुनाव कराए जा सकते हैं। आयोग ने अभी तारीखों की घोषणा नहीं की है, लेकिन इस प्रकार के क्रिएटिव डिजिटल अभियान से यह स्पष्ट है कि ECI मतदाता जागरूकता के लिए इस बार और भी सक्रिय है।
जडेजा की पारी बनी प्रेरणा का प्रतीकलॉर्ड्स टेस्ट में रवींद्र जडेजा ने जब भारत के शीर्ष क्रम ने निराश किया, तब टेलएंडर्स बुमराह और सिराज के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। जडेजा न केवल अंत तक टिके रहे, बल्कि उम्मीद भी बनाए रखी। यही कारण है कि ECI ने उन्हें 'वन मैन आर्मी' के तौर पर चित्रित करते हुए प्रेरणास्रोत माना।
इसके साथ ही जडेजा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7000 रन और 600 विकेट का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे क्रिकेटर बन गए हैं।