लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन का अंत जहां स्कोर के ऐतिहासिक संयोग के लिए यादगार बना, वहीं इंग्लिश ओपनर ज़क क्रॉली की हरकतों ने टीम इंडिया को भड़का दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर उनका व्यंग्यात्मक ढंग से ताली बजाकर स्वागत किया, जिसे सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा मिल रही है। यह घटनाक्रम तब हुआ जब इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत कुछ ही मिनटों के लिए होनी थी और इंग्लिश बल्लेबाज समय खराब करने की कोशिश कर रहे थे।
अंतिम ओवरों में शुरू हुआ विवादतीसरे दिन के खेल के अंत में इंग्लैंड को कुछ ही मिनट बल्लेबाजी करनी थी। भारतीय टीम दो ओवर फेंकना चाहती थी, लेकिन इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज ज़क क्रॉली और बेन डकेट ने मैदान पर आते ही टाइम वेस्टिंग शुरू कर दी। चौथी गेंद पर जब जसप्रीत बुमराह डिलीवरी के लिए आगे बढ़े, तो क्रॉली अचानक शॉट खेलने से पीछे हट गए। बुमराह ने उन्हें ठंडी निगाहों से देखा, जबकि स्लिप में खड़े शुभमन गिल ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
चोट और फिजियो की एंट्री से और भड़की भारतीय टीमइसके बाद जब बुमराह की अगली गेंद क्रॉली के ग्लव्स से टकराई, तो उन्होंने फिजियो को बुला लिया, जिससे खेल और रुक गया। इस हरकत से भारतीय टीम और चिढ़ गई और क्रॉली के इस ड्रामा पर पूरी टीम ने तालियां बजाकर व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया दी। यह ताली असली तारीफ नहीं, बल्कि इंग्लिश ओपनर के समय बर्बाद करने की रणनीति पर कटाक्ष थी।
पहली पारी में दोनों टीमों ने बनाए समान स्कोरइससे पहले तीसरे दिन भारत ने केएल राहुल के शानदार शतक (100 रन), ऋषभ पंत (74 रन) और रवींद्र जडेजा (72 रन) की दमदार पारियों के दम पर इंग्लैंड के पहले पारी के 387 रन के स्कोर की बराबरी कर ली थी। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह केवल नौवीं बार हुआ है जब दोनों टीमों ने पहली पारी में समान स्कोर बनाया है।
387 रन का यह स्कोर ऐसे संयोगों में पांचवां सबसे बड़ा है, और इससे बड़े चारों स्कोर वाले मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। ऐसे में लॉर्ड्स टेस्ट में भी परिणाम की संभावनाओं पर दिलचस्प चर्चा शुरू हो चुकी है।