CAA के खिलाफ प्रदर्शन और ठंड के चलते आज उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बंद रहेंगे स्कूल

नागरिकता कानून (CAA) के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अभी भी विरोध प्रदर्शन जारी है। जिसकी वजह से स्थानीय प्रशासन ने कुछ जिलों में स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही कुछ जिलों में ठंड के प्रकोप के चलते स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। बाराबंकी जिले में ठंड के चलते सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। बरेली जिला प्रशासन ने भी ठंड के चलते स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। मेरठ में भी आज स्कूल ठंड के चलते बंद रहेंगे। वही नागरिकता बिल के खिलाफ अलीगढ़ जिले में विरोध प्रदर्शन जारी है। जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने आज स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।

राजधानी लखनऊ में 24 दिसंबर तक सभी शिक्षण संस्थान बंद करने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने लखनऊ के सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय को 24 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया। बता दे, इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने 19 और 20 दिसंबर को सभी स्कूलों को ठंड के चलते बंद रखने का आदेश दिया था।