जयपुर : बंदर के पेट पर जख्म से बह रहा था खून जिसे ठीक कराने पहुंचा अस्पताल, बेड पर कराया इलाज

राजधानी जयपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें एक बंदर अपने जख्म को ठीक कराने अस्पताल पहुंचा और इंसानों की तरह बेड पर इलाज कराया। बंदर के पेट पर जख्म था जिसमें से खून बह रहा था और वह हॉस्पिटल गेट पर बैठा था। डॉक्टर ने उसे देखा और अंदर लाकर उसका इलाज किया। अब वह स्वस्थ है। डॉक्टर ने अस्पताल के स्टाफ से बंदर को सुनसान जगह पर पहुंचा दिया। यह पूरा मामला जयपुर-आगरा रोड स्थित कानोता के एक निजी अस्पताल का है।

निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर फरोज ने शनिवार सुबह देखा कि हॉस्पिटल गेट पर एक बंदर बैठा है। उसके पेट से खून निकल रहा था। डॉक्टर फिरोज बंदर के पास गए। उसे दुलारा। बंदर भागा नहीं। न ही डॉक्टर को कोई नुकसान पहुंचाया। उसके बाद वह घुल-मिल गया। बंदर उछलकर डॉक्टर के कंधे पर बैठ गया। उसके जख्म को देखकर डॉक्टर फिरोज अस्पताल के अंदर ले गए। उसे बेड पर लेटा कर उसका इलाज किया। इसका पूरा वीडियो डॉक्टर फिरोज खान ने शेयर किया है।

डॉक्टर फिरोज ने बताया कि बंदर को कंधे पर बैठाकर अंदर ले आए। बेड के पास पहुंचते ही बंदर कंधे से उतरकर बेड पर आराम से लेट गया, तब डॉक्टर फिरोज ने उसके घाव को देखा। फिर उन्होंने दवाई लाकर घाव को साफ किया। बंदर आराम से बेड पर लेट कर इलाज कराता रहा। उसकी ड्रेसिंग की गई। बाद में बंदर को केले खिलाए। फिर एक कंपाउंडर के साथ बाइक पर बंदर को बैठाकर भेजा। उसे जयपुर-आगरा रोड पर सुरक्षित जगह पर छोड़ा गया है।