संसदीय क्षेत्र के दौरे पर सन्नी देओल, ट्वीट के जरिये दी जानकारी, हुआ वायरल

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर पंजाब के गुरदासपुर सीट से चुनाव जीते अभिनेता सन्नी देओल (Sunny Deol) इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। सन्नी ने इस बात की जानकारी अपने दो ट्वीट के जरिये दी है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स सन्नी देओल के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं। सन्नी देओल सुजानपुर पहुंचे और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को लेकर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।

सन्नी देओल (Sunny Deol) ने इस संबंध में लगातार दो ट्वीट किए। उन्होंने पहले ट्वीट में लिखा, ‘आज, श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर की टीम से मिला और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।’ सन्नी देओल ने इसके बाद दूसरा ट्वीट किया, ‘विभिन्न बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकताओं को समझने के लिए सुजानपुर का दौरा किया।’ सनी देओल ने इस तरह बताया कि वो अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की देखरेख कर रहे हैं। सन्नी देओल के यह दोनों ट्वीट वायरल हो रहे हैं।

ज्ञातव्य है कि पंजाब में कांग्रेस ने 13 में से आठ सीटें जीती थीं। अकाली दल और भाजपा ने दो-दो सीटें, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने एक सीट जीती थीं। सन्नी देओल अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुनील जाखड़ को हराया था।