सोनिया गांधी का सरकार पर बड़ा हमला, कहा - शाह की हिम्मत नहीं कि पूर्वोत्तर चले जाएं

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जामिला मिलिया इस्लामिया समेत देश के अन्य इलाकों में नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship amendment act 2019) पर हो रही हिंसा को लेकर मोदी सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर हमला बोला। एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिये सोनिया ने कहा कि अमित शाह नॉर्थ-ईस्ट जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे हैं। सोनिया ने कहा सरकार में बैठे लोग जब हिंसा करवाएं, संविधान पर आक्रमण करें, देश के युवाओं को बेरहमी से पिटवाएं, कानून की धज्जियां उड़ाएं, तो फिर देश कैसे चलेगा? सोनिया गांधी ने कहा कि सरकार का काम शांति और सौहार्द बनाना, कानून का शासन चलाना और संविधान की रक्षा करना है, लेकिन बीजेपी सरकार ने देश और देशवासियों पर हमला बोल दिया है। मोदी सरकार ने देश को नफरत की अंधी खाई में धकेल दिया है तथा युवाओं के भविष्य को आग की भट्टी में झुलसा दिया है।

नागरिकता कानून पर चल रहे विरोध के पर सोनिया ने कहा कि असम, त्रिपुरा व मेघालय जल रहा है। पुलिस की गोलियों से अकेले असम में चार युवा मारे गए। दिल्ली से पश्चिम बंगाल तक हिंसा और विरोध फैला हुआ है। गृहमंत्री अमित शाह की खुद हिम्मत नहीं कि वह उत्तर पूर्व के प्रांतों का दौर कर सकें। यहां तक कि इससे पहले बांग्लादेश और फिर जापान के पीएम ने हिंदुस्तान का दौरा रद्द कर दिया। सोनिया ने आरोप लगाया कि नागरिकता संशोधन कानून व एनआरसी विभाजनकारी नीति है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और उसके मंत्री पूरे देश के युवाओं को उग्रवादी, नक्सलवादी, अलगाववादी, देशद्रोही साबित करने में व्यस्त है सोनिया ने कहा कि मोदी जी यह जान लें कि युवा शक्ति-छात्र शक्ति जब जागती है तो देश में एक नया बदलाव आता है। भाजपाई अहंकार व पुलिस की लाठियों से युवाओं को छात्रों पर चलाया गया यह दमनचक्र मोदी सरकार के अंत की शुरुआत होगा।

बता दे, हाल ही में अमित शाह नॉर्थ-ईस्ट का दौरा करने वाले थे, लेकिन उन्होंने राज्य में बिगड़ते हालात के बाद अपना दौरा रद्द कर दिया। अमित शाह को रविवार को नॉर्थ ईस्ट पुलिस अकादमी जाना था, लेकिन बिगड़ते हालात के बीच उन्होंने दौरा रद्द कर दिया।

प्रियंका गांधी धरने पर बैठीं

बता दें कि नागरिकता कानून को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस मोदी सरकार पर हमलावर है। एक ओर जहां सोनिया गांधी ने अमित शाह पर हमला बोला है। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रों के साथ हुई मारपीट के खिलाफ प्रियंका गांधी वाड्रा इंडिया गेट के सामने सड़क पर ही धरने पर बैठ गई। प्रियंका गांधी के साथ केसी वेणुगोपाल, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी, अहमद पटेल और पार्टी के अन्य नेता भी धरने पर बैठे हैं। इस बीच खबर है कि तीन मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। डीएमआरसी के मुताबिक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन मेट्रो के एंट्री और एग्जिट गेट को बंद कर दिया गया है। साथ ही पटेल चौक और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो नहीं रुकेगी।

इससे पहले प्रियंका गांधी ने सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा था कि सरकार ने संविधान और छात्रों पर हमला किया है। उन्होंने (पुलिस) ने विश्वविद्यालय में प्रवेश कर छात्रों पर हमला किया। हम संविधान के लिए लड़ेंगे, हम इस सरकार के खिलाफ लड़ेंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह सरकार देश के युवाओं और छात्रों के अधिकारों पर हमला कर रही है। इस वजह से प्रियंका गांधी वाड्रा अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ इंडिया गेट पर शाम चार बजे से दो घंटे के लिए सांकेतिक धरने पर बैठेंगी।