कोटा : कलयुगी बाप ने 10 लाख में किया अपनी ही बेटी का सौदा, जानें कैसे हुआ पिता की करतूत का खुलासा

कोटा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक कलयुगी बाप ने अपनी ही बेटी का सौदा कर डाला जिसका खुलासा बाप द्वारा बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद हुआ। पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस सक्रिय हुई। बेटी लक्ष्मी दूर के रिश्ते में लगने वाली बहन के यहां मिली। उसे बाल कल्याण समिति में लाकर काउंसिलिंग की गई। इसके बाद पूरे मामले से पर्दा उठा। लक्ष्मी ने काउंसलिंग के दौरान पिता द्वारा मारपीट करने की भी बात बताई। इस बात की जानकारी पड़ोसियों को भी है। मारपीट में मां भी पिता का साथ देती थी। लक्ष्मी ने शरीर पर चोट के निशान तक दिखाए।

बाल कल्याण समिति अध्यक्ष कनिज फातिमा ने बताया कि लक्ष्मी (काल्पनिक नाम) 6 भाई-बहनों में सबसे बड़ी है। 9वीं में पढ़ती है। साल 2019 में 15 साल की उम्र में उसकी शादी रावतभाटा में हुई थी। शादी के बाद गौना करने की बात कहकर पिता ने ससुराल पक्ष से 1 लाख रुपए की डिमांड की। ससुराल वालों ने रुपए नहीं दिए तो पिता ने दूसरी जगह रिश्ता देखना शुरू किया। दूसरी जगह रिश्ते की बात चली, तो लड़के वाले 50 हजार रुपए देने को तैयार हुए। पैसा कम होने के कारण लड़की के पिता ने वहां रिश्ता नहीं किया। तीसरी जगह लड़के वालों ने 10 लाख रुपए देने की बात की तो रिश्ते के लिए तैयार हो गया।

7 मई को लड़के वाले सगाई के लिए आने वाले थे। इसकी जानकारी लक्ष्मी को हो गई। लक्ष्मी को जानकारी मिली कि पिता ने 1 लाख रुपए नहीं मिलने पर शादी तोड़ दी है। दूसरी जगह 10 लाख में रिश्ता किया है। इसके बाद वह घर से भाग गई। घर से दूर रिश्ते की बहन के पास रहने लगी। इधर पिता ने आरकेपुरम थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।