जब फ्लाइट में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को एक शख्स ने कहा - 'आपको शर्म आनी चाहिए', वीडियो वायरल

भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर अक्सर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहती है। हाल ही में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को दिल्ली से भोपाल की एक फ्लाइट में सीट के चक्कर में और अपने बर्ताव को लेकर जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक यात्री बीजेपी सांसद से कह रहा है कि आपको शर्म नहीं है कि आप इस तरह का बर्ताव कर रही हैं। दरअसल, दिल्ली से भोपाल जाने वाली स्पाइजेट की फ्लाइट में सीट को लेकर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की क्रू मेंबर से बहस हो गई, सीट की मांग को लेकर वह विमान में ही धरने पर बैठ गईं। इस बीच यात्रियों ने विमान में साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और उनके व्यवहार की निंदा की। दरअसल, साध्वी सबसे आगे की यानी आपातकालीन सीट चाहती थीं। चूंकि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर व्हील चेयर पर एयरपोर्ट पहुंची थीं, तो उन्हें आपातकालीन सीट नहीं मिल सकती थी लेकिन बीजेपी सांसद इसको लेकर जिद कर रही थीं। इसी को लेकर विवाद हुआ था, साध्वी ने विमान क्रू मेंबर्स पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।

सोशल मीडिया पर इस बहस का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें एक महिला कह रही हैं, ‘…आप फैसला लीजिए।।आपका मैनेजमेंट कौन है? यहां की प्रोफेशनलिज्म नहीं है…' इसपर साध्वी प्रज्ञा जवाब देती हैं, 'मैंने सुबह ही बोल दिया मुझे अपनी रूलबुक दिखा दो, मुझे बनेगा बैठते।।नहीं बनेगा तो मैं चली जाऊंगी।'

जब यह बहस हो रही थी तभी एक व्यक्ति साध्वी प्रज्ञा पर भड़क जाता है। व्यक्ति ने कहा कि आप तो लीडर हैं और आप जनता को ही परेशानी दे रही हैं। आपको इस बात की शर्म नहीं है कि 50 लोगों को आपकी वजह से परेशानी हुई। बिल्कुल, शर्म बहुत अच्छा शब्द है’। इस दौरान साध्वी ने उनपर सही भाषा इस्तेमाल करने को कहा।