पीयूष गोयल के मुंबई वाले घर में चोरी, आरोपी नौकर गिरफ्तार

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) के मुंबई स्थित आवास से चोरी करने वाले एक नौकर को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आरोपी के पास से बरामद सेल फोन पर रेलवे और वित्त मंत्रालय से जुड़े कुछ जरूरी दस्तावेज़ मिले हैं। इन दस्तावेजों को तीन अलग-अलग ईमेल आईडी पर भेजा गया है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी कुछ लोगों को महत्वपूर्ण सूचना दे रहा था। आरोपी के फोन को साइबर सेल को भेज दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस डिलिट किए गए मेल की रिकवरी की कोशिश कर रही है। साथ ही आरोपी के साथियों की भी तलाश की जा रही है। चोरी की एफआईआर मुंबई के गामदेवी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। आरोपी का नाम विष्णु कुमार विश्वकर्मा है और उसकी उम्र 28 वर्ष की है। आरोपी बीते 3 सालों से केंद्रीय मंत्री के घर काम कर रहा था।

कैसे मालूम हुआ घर में चोरी हुई है?

चोरी के बारे में पीयूष गोयल के परिवार के सदस्यों तब पता चला जब घर से कुछ चांदी के बर्तन और पीतल के सामान गायब मिले। यह घटना पिछले महीने 16 से 18 सितंबर के बीच की है। इसके बाद विश्वकर्मा के खिलाफ गामदेवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।